यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पिघल गई मुलायम-अमर के रिश्तों की बर्फ, छोड़ गई कई संदेश
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह की बातों में लोकसभा चुनाव में हार का दर्द छलका तो अमर सिंह ने अपने को 'मुलायमवादी' बताकर चोट को सहलाने की कोशिश की। जब यह सब हो रहा था-उस समय सपा के कद्दावर नेता आजम खां नाराज होकर दूर बैठे थे। इस बार मुद्दा अमर सिंह थे। मंगलवार को यह राजनीतिक तस्वीर लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के लोकार्पण के मौके पर उभरी। सोमवार को आजम मुलायम की कल्बे जव्वाद से मुलाकात को लेकर नाराज हुए थे।

जागरण ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह की बातों में लोकसभा चुनाव में हार का दर्द छलका तो अमर सिंह ने अपने को 'मुलायमवादी' बताकर चोट को सहलाने की कोशिश की। जब यह सब हो रहा था-उस समय सपा के कद्दावर नेता आजम खां नाराज होकर दूर बैठे थे। इस बार मुद्दा अमर सिंह थे। मंगलवार को यह राजनीतिक तस्वीर लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के लोकार्पण के मौके पर उभरी। सोमवार को आजम मुलायम की कल्बे जव्वाद से मुलाकात को लेकर नाराज हुए थे।
लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार मुलायम सिंह यादव सार्वजनिक मंच पर आए तो हार का दर्द भी छलका। उन्होंने संगठन की कमजोरी स्वीकार की। बोले, 'चुनाव में कोई हवा नहीं थी, हमारे ही लोगों ने हथियार डाल दिए थे।' उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला भी बढ़ाया और कहा, 'ठीक है, चार ही सांसद हैं लेकिन संघर्ष में पीछे नहीं हैं।' समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत सपा के बड़े नेताओं व मंत्रियों का जमावड़ा हुआ।
अमर सिंह भी चार वर्ष बाद सपा के मंच पर दिखे। मुलायम ने छोटे लोहिया की याद करते हुए कहा कि जनेश्वर लाल किले पर समाजवादी परचम फहराने का ख्वाब देखते थे मगर हम तो लोकसभा चुनाव में साफ हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के मार्ग पर है। ऐसे में विरोधी षड्यंत्र करेंगे ही। उनसे सावधान रहना होगा। उन्होंने सरकार की हर एक योजना का उल्लेख कर कहा कि लैपटॉप वितरण में कहां भेदभाव था। सवाल किया कि देश में ऐसी कौन सी सरकार है, जिसने एक साथ तीन शहरों में मेट्रो का काम शुरू किया है। अमर सिंह ने कहा, मैं मुलायम सिंह के आदेश पर इस कार्यक्रम में आया हूं। जनेश्वर मिश्र ने एक बार मेरे समाजवादी होने पर सवाल उठाया था। तब मैंने उनसे कहा था कि मैं मुलायमवादी हूं। जनेश्वर मिश्र की याद करते हुए कहा कि उनके नाम भले ही कहीं दो-तीन एकड़ जमीन न हो लेकिन आज 300 एकड़ का पार्क उनके नाम पर बनवाकर उप्र सरकार ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इसके लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बधाई के पात्र हैं। अपराह्न में जब मुलायम वापस लौटे तो जेट की हवाई सेवा में उनके साथ अमर सिंह थे। यहां पर उन्हें बतियाने का खूब मौका मिला।
बीच रास्ते में कोई छोड़ गया है मुझको
'सियासत की अपनी जुबान होती है, लिखा हो इन्कार तो इकरार पढ़ना'..चार साल की जुदाई के बाद मुलायम सिंह के मंच पर लोगों को संबोधित कर रहे राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने कुछ इसी अंदाज में कई सियासी संकेत भी छोडे़। इसी के साथ उन्होंने 'बीच रास्ते में कोई छोड़ गया है मुझको..' कहकर मुलायम से अपने रिश्तों के भावनात्मक पक्ष को भी उभारा। अमर सिंह ने कहा, यह अद्भुत अवसर है। मुलायम के निमंत्रण पर आया हूं और इसके राजनीतिक कारण नहीं हैं। जनेश्वरजी से रिश्तों को याद करते हुए कहा कि कई मुद्दों पर उनसे मतभेद थे। एक बार उन्होंने कहा था कि तुम बड़े घर के हो समाजवादी नहीं हो सकते। समाजवादी होने के लिए राजनीतिक वजहों से जेल जाना होता है।
गरीब के पसीने की कीमत समझनी होती है। चुनाव लड़ना होता है। अगर वह आज होते तो पूछता- राजनीतिक कारणों से जेल हो आया। चुनाव भी लड़ लिया। गली-गली घूम रहा हूं तो अब क्या समाजवादी हो गया। इससे पहले मुलायम सिंह यादव के मंच पर पहुंचने पर दोनों हाथ जोड़कर अमर सिंह ने उनका अभिवादन किया।