यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फुटबाल खिलाड़ी से पत्रकार और अब मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे बिरेन सिंह
मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले एन. बिरेन सिंह के बारे यहां जानें...

नई दिल्ली। एन. बिरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही उत्तर पूर्वी राज्य मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार अपनी सरकार बना ली। बिरेन सिंह ने बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
बिरेन सिंह के बारे में
- मणिपुर में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने नोंग्थोंबाम बिरेन सिंह पूर्व राष्ट्रीय स्तर के फुटबाल खिलाड़ी रहे हैं। यही नहीं, बिरेन सिंह बाद में कुछ समय के लिए पत्रकार भी रहे।
- पत्रकारिता के बाद बिरेन ने राजनीति का रुख किया और साल 2002 में क्षेत्रीय दल डेमोक्रेटिक रेवोल्यूशनरी पीपल्स पार्टी (डीआरपीपी) की सदस्यता ले ली।
- साल 2002 में ही मणिपुर की हेंगांग सीट से चुनाव जीतकर बिरेन सिंह पहली बार विधानसभा पहुंचे, बाद में उनकी पार्टी का कांग्रेस में विलय हो गया।
- साल 2003 में उन्हें राज्य सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया। बाद में उन्हें सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण के अलावा युवा मामले व खेल मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गई।
- साल 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में भी बिरेन ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीता।
- साल 2012 में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह की कैबिनेट में शामिल नहीं किए जाने के बाद उनके मुख्यमंत्री से संबंध खराब होने लगे। उस समय वह मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष थे।
- अक्टूबर 2016 में बिरेन ने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया और 17 अक्टूबर 2016 को भाजपा का दामन थाम लिया। बिरेन जल्द ही राज्य भाजपा के प्रवक्ता भी बन गए।
- 11 मार्च 2017 को लगातार चौथी बार एन. बिरेन सिंह चुनाव जीते।
- 15 मार्च 2017 को मणिपुर में भाजपा ने पहली बार सरकार बनाई और बिरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
