यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तान ने गोली दागी तो हमने गोला दागाः अमित शाह
भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली। भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया है। उन्होंने कहा कि एक साल में देश का माहौल बदला है। इस अवसर पर जब पाकिस्तान का मुद्दा छिड़ा तो उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान से गोली चली है तो यहां से गोला दागा गया है। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के बाद से वहां लगभग शांति है। हम ईंट का जवाब पत्थर से देते हैं।
शाह एक चैनल के कार्यक्रम में शरीक थे। शाह ने बिहार चुनाव के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और महिला आरक्षण पर अमित शाह ने कहा कि भाजपा शासन से पहले महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही थीं। महिलाओं को हर क्षेत्र में परेशानियों से जूझना पड़ता था। लेकिन भाजपा सरकार में परिस्थितियां बदल गई हैं।
शाह ने कहा कि भाजपा पारदर्शी तरीके से सरकार चला रही है। काले धन को देश वापस लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी हर प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार की पारदर्शिता के आगे विपक्ष भी हलकान है। विपक्ष को कोई मौका नहीं मिल रहा भाजपा सरकार को कहीं से घेरने का।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है। युवाओं के लिए रोजगार का अवसर हो या एग्रीकल्चर, इंफ्रास्ट्रक्चर और बिजली का क्षेत्र.. हर क्षेत्र में सरकार अपना अहम योगदान दे रही है।
