यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पटना विजयदशमी हादसा: प्रशासन की लापरवाही तले कुचले गए लोग
दशहरे पर पटना के गांधी मैदान में भगदड़ तो अफवाह के कारण हुई, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने इसे गंभीर और भयानक बना दिया। भारी संख्या में जुटी भीड़ के बावजूद प्रशासन ने सड़कों पर लाइट तक की सुविधा नहीं करा रखी थी। लापरवाही इस कदर कि गांधी मैदान के जिस रामगुलाम चौक पर भगदड़ मची, वहां भी लाइट का इंतजाम नहीं थ

पटना। दशहरे पर पटना के गांधी मैदान में भगदड़ तो अफवाह के कारण हुई, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने इसे गंभीर और भयानक बना दिया। भारी संख्या में जुटी भीड़ के बावजूद प्रशासन ने सड़कों पर लाइट तक की सुविधा नहीं करा रखी थी। लापरवाही इस कदर कि गांधी मैदान के जिस रामगुलाम चौक पर भगदड़ मची, वहां भी लाइट का इंतजाम नहीं था। लिहाजा अंधेरे में बेतहाशा भागते लोग एक-दूसरे को रौंदते चले गए।
पटना के हर बड़े आयोजन का हिस्सा बनने वाले गांधी मैदान पर दशहरा देखने वालों की भीड़ तो हर साल उमड़ती है, लेकिन शुक्रवार शाम यहां पांच लाख से ज्यादा लोग एकत्र हो गए। मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी थे, लेकिन प्रशासन ने इस भारी भीड़ को संभालने का कोई इंतजाम नहीं कर रखा था। मैदान के चार में से महज दो गेट ही खोल रखे थे। अफवाह के बाद भगदड़ मचने पर अंधेरे व योजना की कमी से ज्यादा लोग चपेट में आ गए।
घबराए लोग सिर्फ खुद को बचाने की कोशिश में थे। हजारों की भीड़ के बीच गिरे बच्चे व महिलाएं चीखते रहे और लोग उन्हें कुचलते हुए भागते रहे। भीड़ थमी तो पांच सौ मीटर तक लोगों के सामान, जूते-चप्पल, बच्चों की दूध की बोतल आदि बिखरे हुए थे। करीब दो घंटे तक लोग अपनों को खोजते-चिल्लाते रहे। मेडिकल कॉलेज लाए गए घायलों की स्थिति भी स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। गौरतलब है कि गांधी मैदान पर ही पिछले दो वर्षो में दो बड़े हादसे हुए।
2012 में छठ पूजा पर मची भगदड़ में 18 लोग मारे गए थे तो 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान सीरियल ब्लास्ट हुए थे। बावजूद इसके प्रशासन ने एक और बड़े आयोजन पर कोई व्यवस्था नहीं की थी।1
गांधी मैदान में दो वर्षो में दो बड़े हादसे:-
- 2012 में छठ पूजा पर मची भगदड़ में 18 लोग मारे गए थे।
- 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान सीरियल ब्लास्ट हुए थे।
सूचना पाने को व्याकुल दिखे परिजन:-
पीएमसीएच के मुख्य द्वार बदहवास परिजन अपनों की सूचना पाने को व्याकुल थे। पटना क्षेत्र के आइजी कुंदन कृष्णन ने रैफ जवानों को किसी को भी अस्पताल की इमरजेंसी में नहीं आने का आदेश दिया हुआ था। बाहर खड़े लोग सरकार व प्रशासन के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। एतवारपुर की सरोज अपनी 10 वर्षीय बच्ची गोलू को खोज रही थी। गोलू इमरजेंसी में किस हाल में है, यह कोई बताने वाला नहीं था। यही हाल परिजनों का भी था।