यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुलवामा एनकाउंटर: पथराव से नहीं रुकी आर्मी, कर्नल ने की तारीफ
राष्ट्रीय राइफल्स के कर्नल ने बताया कि पुलवामा एनकाउंटर के दौरान आतंकियों की सुरक्षा में स्थानीय द्वारा सुरक्षाबलों पर किया गया पथराव सेना की राह में बाधा नहीं बना।

श्रीनगर (एएनआई)। कर्नल अजीत कुमार ने पुलवामा एनकाउंटर में पुलवामा पुलिस की तारीफ करते हुए बताया कि ऑपरेशन के दौरान पथराव भी भारतीय सेना को प्रभावित नहीं कर सकी। पुलवामा पुलिस ने तारीफ के काबिल काम किया। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा स्थित काकापोरा में सुरक्षाबलों ने तीन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को मार गिराया।
कर्नल ने बताया, एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों पर स्थानीय द्वारा पथराव किया गया ताकि आतंकी सुरक्षा घेरा तोड़कर भाग सकें। लेकिन ऑपरेशन में लगे सुरक्षाबलों ने इस हालात पर आसानी से काबू पा लिया। मीडिया से बात करते हुए 50 राष्ट्रीय राइफल्स के कर्नल अजीत कुमार ने बताया, ‘पुलवामा पुलिस द्वारा काफी सही तरीके से यह ऑपरेशन प्रक्रिया चलायी गयी और इस दौरान हुए पथराव से सेना प्रभावित नहीं हुई।‘
सुरक्षाबलों को बुधवार रात जब खबर मिली कि काकापोरा में एक घर में दो से तीन आतंकी छुपे है तो तुरंत घर को घेर लिया गया। रात 9 बजे से फायरिंग शुरू हो गई थी। देर रात सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर के संयुक्त ऑपेरशन में आखिरकार तीनों आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों की पहचान माजिद अहमद मीर, शब्बीर अहमद और शारिक अहमद के तौर पर हुई है। मारे गए आतंकियों के पास से दो एके 47 और पिस्तौल मिली हैं।
सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, जैसे ही एनकाउंटर की खबर फैली स्थानीय द्वारा सुरक्षा बलों पर आतंकियों की मदद के लिए पथराव किया जाने लगा। इस एनकाउंटर के दौरान राष्ट्रीय राइफल्स का एक ऑफिसर घायल हो गया। इस एनकाउंटर में 50 राष्ट्रीय राइफल्स, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप व 183 सीआरपीएफ बटालियन शामिल थे।