विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 02, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड की पांचों सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप

By Edited By:
Published: Sun, 02 Mar 2014 08:45 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 02 Mar 2014 08:47 AM (GMT+05:30)

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के वरिष्ठ सहयोगी और प्रसिद्ध वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि कारपोरेट ...और पढ़ें

News Article Hero Image

देहरादून, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के वरिष्ठ सहयोगी और प्रसिद्ध वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि कारपोरेट माफिया ने देश को खोखला कर दिया है और अब ओपिनियन पोल के माध्यम से देश में नया खेल चलाया है, लेकिन इनका खेल अब नहीं चलेगा। पैसे के दम पर ओपिनियन पोल से इस तरह का माहौल बनाया जाता है जैसे कांग्रेस और भाजपा के अलावा कोई पार्टी है ही नहीं। अब जनता सब समझ चुकी है। आप का मकसद सत्ता भोगना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन है। उन्होंने पार्टी की चुनावी रणनीति भी साफ की। कहा कि पार्टी उत्तराखंड की पांचों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ईमानदार और अच्छे प्रत्याशियों को ही टिकट दिए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश चुनाव संचालन समिति पर भी मुहर लगाई। जम्मू कश्मीर में धारा 370 से संबंधित सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली।

पढ़ें: हिमाचल में प्रशांत भूषण की जमीन विवाद के घेरे में

शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत भूषण भाजपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां एक ही प्रकृति की हैं। नीरा राडिया प्रकरण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां कारपारेट माफिया के इशारे पर चलती हैं। दिल्ली घटनाक्रम से संबंधित सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस से उन्हें मुद्दों पर आधारित समर्थन मिला था। जनलोकपाल उनका प्रमुख मुद्दा था और जब इससे संबंधित विधेयक को कांग्रेस और भाजपा ने विधानसभा में नहीं रखने दिया तो उनकी सरकार के पास इस्तीफा देने के सिवाय कोई चारा नहीं था।

हालिया दिनों में आप में शामिल रक्षा मोर्चा के प्रमुख टीपीएस रावत के चुनाव लड़ने की जानकारी होने से उन्होंने इन्कार किया। प्रशांत भूषण ने खंडूड़ी सरकार के लोकायुक्त की बिल तारीफ की और कहा कि केंद्र सरकार ने जो लोकपाल बिल पास किया, उसका कोई औचित्य ही नहीं है। लोकपाल की स्वतंत्र जांच एजेंसी ही नहीं है तो इसका क्या फायदा। इससे पहले आप नेता ने चुनाव अभियान समिति की बैठक में एकजुट होकर चुनाव लड़ने पर जोर दिया गया।

महिला मंच का आप में विलय

महिला मंच की अध्यक्ष कमला पंत की अगुवाई में शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रशांत भूषण ने इन सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने चुनाव संचालन समिति के लिए शेर सिंह बिष्ट, राजीव लोचन शाह, पवन गुप्ता, हरीश आर्य, नंद बल्लभ, बल्ली सिंह चीमा के नाम पर भी मुहर लगाई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।