यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झूठ पर टिका है आप का वजूद : जेटली
भाजपा के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और अपने खिलाफ लगाए गए आम आदमी पार्टी [आप] के आरोपों को अरुण जेटली ने झूठ का पुलिंदा करार दिया है।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। भाजपा के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और अपने खिलाफ लगाए गए आम आदमी पार्टी [आप] के आरोपों को अरुण जेटली ने झूठ का पुलिंदा करार दिया है। आप विधायक मदनलाल के आरोपों का बिंदुवार जबाव देते हुए राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि आप का वजूद ही झूठ पर टिका है। इन आरोपों के पीछे आप और कांग्रेस की मिलीभगत की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि आप विधायक के कथित खुलासे के एक घंटा पहले ही कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने इस पर बयान जारी कर दिया था। इस बीच आप कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जेटली के आवास पर धरना-प्रदर्शन भी किया।
पढ़ें: जेटली का 'आप' पर हमला, अपनी नाकामी छुपाने के लिए प्रदर्शन
जेटली ने साफ किया कि नरेंद्र मोदी और वे किसी मदनलाल विधायक को नहीं जानते हैं। चुनाव परिणाम के पहले ही आप विधायकों को खरीदने के लिए फोन आने के मदनलाल के दावे को हास्यास्पद बताते हुए जेटली ने कहा कि उस समय दिल्ली वालों को न तो मदनलाल के विधायक बनने और न ही आप को इतनी सीटें आने की उम्मीद थी। मजेदार बात यह है कि मदनलाल को यह भी नहीं पता है कि सात दिसंबर को किसने और किस नंबर से उन्हें फोन किया था। जबकि कॉल डाटा रिकार्ड से आसानी से इसका पता चल सकता है।
अरविंद केजरीवाल की सरकार गिराने के लिए नरेंद्र मोदी के इशारे पर गुजरात के एक व्यक्ति के करोड़ों रुपये के आफर के आरोपों की धज्जियां उड़ाते हुए जेटली ने कहा कि मदनलाल ने इस मामले में अपनी ही पार्टी के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके तहत आप नेताओं को रिश्वत लेने से इन्कार नहीं करते हुए स्टिंग ऑपरेशन कर रिश्वत देने वाले के खिलाफ पुख्ता सुबूत जुटाने को कहा गया था। लेकिन मदनलाल ने न तो गुजरात से फोन करने वाले व्यक्ति का नाम पूछा और न ही पार्टी या सरकार में उसका पद जानने की कोशिश की। दस दिनों तक चुप रहने के बाद मदनलाल को अचानक मीडिया के सामने इसका खुलासा करने का ख्याल आया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर