ADR के आंकडों से बड़ा खुलासा, 69 फीसद चंदे का स्त्रोत नहीं बताते राजनीतिक दल
एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की ओर जारी आंकड़ों के अनुसार 11 सालों में राजनीतिक दलों को मिले कुल चंदे के 69 फीसदी के स्त्रोत का पता ही नहीं है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले 11 सालों में राजनीतिक दलों को मिले चंदे के आंकड़ों से फंडिंग को पारदर्शी बनाने की जरूरत को बल मिला है। एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की ओर जारी आंकड़ों के अनुसार 11 सालों में राजनीतिक दलों को मिले कुल चंदे के 69 फीसदी के स्त्रोत का पता ही नहीं है। इस दौरान राजनीतिक दलों को ज्ञात स्त्रोत से केवल 16 फीसदी ही चंदा जुटा पाए थे। आयकर विभाग के नियम के मुताबिक राजनीतिक दलों को 20 हजार से कम की चंदे की रकम का स्त्रोत बताना अनिवार्य नहीं है। मजेदार बात यह है कि बसपा एक मात्र ऐसा राजनीतिक दल रहा, जिसने अपने चंदे से सौ फीसदी को अज्ञात स्त्रोत से बताती रही है।
एडीआर के आंकड़ों के मुताबिक 2004-05 से 2014-15 के बीच देश में सभी राजनीतिक दलों ने कुल 11367.34 करोड़ का चंदा मिलने का दावा किया है। इस चंदे के 69 फीसदी यानी 7833 करोड़ के स्त्रोत की जानकारी उन्होंने नहीं दी है। यानी ये सभी चंदे 20 हजार रुपये से कम में आए थे। ज्ञात दाताओं से राजनीतिक दलों को केवल 16 फीसदी यानी 1835.63 करोड़ रुपये का ही चंदा मिला था। इसके अलावा राजनीतिक दलों ने अपनी संपत्तियों को बेचकर, सदस्यता फीस जुटाकर या फिर बैंक के ब्याज से 15 फीसदी यानी 1698.73 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया है।
ईडी ने की आइआरएफ अधिकारियों से पूछताछ
आंकड़ों के मुताबिक 11 सालों में 10 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को मिले कुल चंदे का 83 फीसदी यानी 3323.39 करोड़ रुपये के स्त्रोत का पता नहीं है। जबकि इसी दौरान भाजपा के मिले 65 फीसदी चंदे यानी 2125.91 करोड़ का स्त्रोत अज्ञात रहा। जाहिर है इस दौरान भाजपा को कांग्रेस को अज्ञात लोगों ने ज्यादा चंदा दिया। वहीं अज्ञात स्त्रोत से चंदा हासिल करने वाले क्षेत्रीय दलों में शिरोमणि अकाली दल और समाजवादी पार्टी अब्बल रही। समाजवादी पार्टी को 94 फीसदी यानी 766.27 करोड़ मिले चंदे का स्त्रोत अज्ञात है, जबकि शिरोमणि अकाली दल को 86 फीसदी यानी 88.06 करोड़ रुपये के चंदे के स्त्रोत का पता नहीं है।
हैरानी की बात यह है कि 2004-05 से 2014-15 के बीच राष्ट्रीय दलों को मिलने वाले अज्ञात स्त्रोत से चंदे में 313 फीसदी का जबरदस्त इजाफा हुआ है। 2004-5 में जहां इन्हें केवल 274.13 करोड़ रुपये अज्ञात स्त्रोत से मिले थे, वहीं 2014-15 में यह बढ़कर 1130.92 करोड़ रुपये हो गया। जबकि क्षेत्रीय दलों को मिलने वाले अज्ञात चंदे में 652 फीसदी की बढ़ोतरी होकर 37.39 करोड़ रुपये से 281.01 करोड़ रुपये हो गया।