विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आंध्र-ओडिशा में हुदहुद का सबसे ज्यादा असर

By Kamal VermaEdited By:
Published: Fri, 10 Oct 2014 12:02 PM (IST)Updated: Fri, 10 Oct 2014 08:35 PM (IST)

करीब डेढ़ सौ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहे तूफान हुदहुद का सबसे ज्यादा असर आंध्रप्रदेश व ओडिशा के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। करीब डेढ़ सौ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहे तूफान हुदहुद का सबसे ज्यादा असर आंध्रप्रदेश व ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में होगा। दोनों प्रदेशों व केंद्र की सरकार संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रही हैं। तूफान का असर झारखंड व पश्चिम बंगाल में भी होगा। हालांकि पिछले साल आए चक्रवाती तूफान फेलिन की तुलना में हुदहुद से कम तबाही होने की संभावना है। झारखंड में इसका असर 10 फीसद तक ही होगा। आंध्रप्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों भेजा जा रहा है।

तूफान का असर शुक्रवार से ही दिखने लगा, जब आंध्र व ओडिशा में काले बादल छा गए और बारिश होने लगी। शनिवार सुबह से तूफान की गति बढ़ जाएगी और 12 अक्टूबर को यह पूरे रौ में होगा। झारखंड के कुछ जिलों में इसका असर होने की आशंका है। यहां एनडीआरएफ टीमें तैयार कर दी गई हैं और प्रमुख विभागों में कर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं।

शुक्रवार शाम तक की सूचना के अनुसार, तूफान विशाखापत्तनम से 470 व गोपालपुर, ओडिशा से 520 किमी दूर था। दोनों तटीय क्षेत्रों में अगले 12 घंटे में 110 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने लगेंगी जो 12 अक्टूबर तक 155 किमी प्रतिघंटे तक पहुंच जाएंगी और तेज बारिश होगी। तूफान 13 अक्टूबर से कमजोर पड़ना शुरू हो जाएगा। इसकी जद में आने से ओडिशा के आठ जिलों गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, नवरंगपुर, कालाहांडी, कंधमाल में भारी बारिश हो सकती है।

गृहमंत्री ने की मुख्यमंत्रियों से बात

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने तूफान से निपटने की तैयारियों को लेकर आंध्रप्रदेश, तेलंगाना व ओडिशा के मुख्यमंत्रियों से जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। ओडिशा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राजनाथ से सैटेलाइट फोन की मांग की, जिससे तूफान के समय भी संवाद स्थापित किया जा सके। इसके अलावा आंध्रप्रदेश मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू व तेलंगाना के केसी राव से बातचीत में भी गृहमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र इस तूफान पर नजदीक से निगाह बनाए हुए है।

हुदहुद तूफान से जुड़ी तमाम बातें जानने के लिए यहां क्लिक करें

पढ़ें: खतरनाक हुआ हुदहुद

हुदहुद तूफान प्रभावित इलाकों के निवासी रखें इन बातों का ख्याल