यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रघुवर दास के मंत्री और नेता ही उनके खिलाफ लगे हुए हैं: बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि अगले चुनाव में महागठबंधन बनेगा और राज्य में उसकी ही सरकार बनेगी।

जासं, आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां)। झाविमो सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि भाजपा ही भाजपा के हार का कारण बनेगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ उनके दल के ही मंत्री और नेता लगे हुए हैं। अगले चुनाव में ये मंत्री और नेता विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा को हराएंगे। मरांडी रविवार को आदित्यपुर में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में महागठबंधन बनेगा और राज्य में उसकी ही सरकार बनेगी। गांवों में गरीब किसान रो रहे हैं और रघुवर दास एक हजार दिन का जश्न मना रहे हैं। शिक्षा में प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय तक और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर जिला सदर अस्पताल तक की स्थिति बदतर है। फिर भी राज्य सरकार उपलब्धि का ढिंढोरा पीट रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार संस्थागत भ्रष्टाचार का उदय हुआ है। किसी भी विकास कार्य के टेंडर का वर्क ऑर्डर देने के पहले मंत्री, सचिव और अफसर के नाम पर पैसा लिया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर खनन कंपनी द्वारा अधिक खनन पर 12 सौ करोड़ के जुर्माने का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उक्त कंपनी को कोर्ट से रोक के बावजूद फिर से लीज पट्टा दिया गया। उन्होंने टायो कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की। कहा कि सरकार केवल दिखावटी घोषणाएं कर रही है।
