यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुलिस की पिटाई से युवक की मौत पर बवाल; हालत तनावपूर्ण
पुलिस की पिटाई से युवक की मौत हो जाने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।

साहिबगंज, जेएनएन। साहिबगंज के बरहडवा थाने की हाजत में इस्लामपुर गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस व्यक्ति को किसी मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार रात लाया गया था। इधर, थाने में मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण ने जमकर हंगामा किया।
लोग थाने के सामने जुटने लगे। गांव के पास की सड़क को भी जाम कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि हाजत में पिटाई से उसकी मौत हुई है। एसपी ने कई थानों के जवानों को तैनात कर दिया है। हालात तनावपूर्ण हैं।
जानकारी के मुताबिक, साहिबगंज जिले की बरहडवा थाना पुलिस ने मंगलवार रात को इस्लामपुर गांव के एक व्यक्ति को पकड़ कर पूछताछ के लिए थाना लाया था, जहां उसकी मौत हो गई है। पुलिस अभिरक्षा में मौत के बाद एहतियातन थाने में एसपी पी मुरुगन के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है। बरहडवा थाने में मृत युवक का नाम 30 वर्षीय अब्दुल जब्बार है, जो इस्लामपुर के निजामपुर का निवासी था।
इधर, मौत की खबर सुनते ही थाना के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। मौत के बारे में पुलिस अभी कुछ नहीं बता रही है। ग्रामीणों ने मौत के विरोध में महाराजपुर गांव के पास सडक जाम कर दिया है।
बरहडवा में घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। एसपी पी मुरुगन खुद थाना पहुंच गए हैं। थाने के सामने भीड़ जमा होने के बाद जब अंदर चल रही बैठक के दौरान भीड़ ने बाहर से पथराव किया तो पुलिस बल की ओर से लाठी चार्ज किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के बाद जैप के जवानों को तैनात किया गया है। थाना के आसपास के इलाके की दुकानों को बंद कर दिया गया है।
