आदिवासियों के बीच जनाधार बढ़ाएं भाजपा कार्यकर्ता: राम माधव
राम माधव ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भविष्य की चुनौतियों को अवसर में बदलने को कहा।

राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गांवों में जाकर ग्रास रूट पर काम करने की नसीहत दी है। शनिवार को दो दिनों के प्रवास पर रांची पहुंचे राम माधव ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भविष्य की चुनौतियों को अवसर में बदलने को कहा। भाजपा महामंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आदिवासियों के बीच अपने जनाधार को बढ़ाएं। उनका संकेत सीएनटी-एसपीटी संशोधन एक्ट को लेकर राज्य में बन रहे माहौल की तरफ था।
जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां किस तरह से जनाधार न होने के बावजूद जनता को विश्वास में लेकर भाजपा ने पीडीपी के साथ मिलकर सरकार का गठन किया। माधव ने राज्य में संगठन की दृष्टि से बनाए गए सभी 511 मंडलों और 26 जिलों में चल रही भाजपा की गतिविधियों की जानकारी भी ली। पंडित दीनदयाल कार्यविस्तार योजना के बाबत भी सवाल-जवाब किया। पूछा चुनाव में महज दो वर्ष का समय बचा है अब तक सभी बूथों पर कमेटियों का गठन क्यों नहीं किया गया है। कहा, सभी मोर्चा ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पैठ बढ़ाएं।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने की। बैठक के उपरांत प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश और प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री दो दिनों के प्रवास पर रांची आए हैं। वे रविवार को पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कार्यकर्ताओं से मुखातिब होंगे।
मिशन 2019 के सवाल पर कहा, कि भाजपा चुनाव को सामने रखकर कोई कार्य नहीं करती लेकिन हम हम प्रत्येक दिन चुनाव की चुनौतियों को लेकर तैयार हैं। अल्पकालिक विस्तारकों के प्रवास पर कहा कि राज्य भर में 14740 अल्पकालिक विस्तार पंचायत स्तर पर भेजे गए हैं। वे वहां तेजी से पार्टी के कार्यो को अंजाम दे रहे हैं। बताया कि राज्य में भाजपा के 47 लाख प्राथमिक और 22 हजार सक्रिय सदस्य हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।