Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम रघुवर ने की अमित शाह से मुलाकात, पीएम से मिले अर्जुन मुंडा

    By Sachin MishraEdited By:
    Updated: Tue, 25 Apr 2017 09:18 AM (IST)

    नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने मुलाकात की।

    सीएम रघुवर ने की अमित शाह से मुलाकात, पीएम से मिले अर्जुन मुंडा

    राज्य ब्यूरो, रांची। प्रदेश भाजपा के दो शीर्ष नेताओं मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की शीर्ष नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक ही दिन (सोमवार) अलग-अलग मुलाकात ने अचानक सूबे की सियासी सरगर्मी बढ़ा दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भेंट बेशक सामान्य बताई जा रही हो, लेकिन राजनीतिक गलियारे में इसके मायने-मतलब निकाले जाने लगे हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें सत्ता और संगठन के स्तर से किए जा रहे कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से भाजपा कार्यकर्ताओं को जोड़ने व संगठन के स्तर पर बूथ स्तर तक इकाईयों को दुरुस्त करने की जानकारी शाह को दी। मिशन 2019 के बाबत दोनों नेताओं ने रायशुमारी की।

    इधर, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। करीब आधे घंटे की मुलाकात के दौरान क्या हुआ इसकी स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई। लेकिन लिट्टीपाड़ा उपचुनाव की हार, सीएनटी और एसपीटी एक्ट को लेकर राज्य में मची राजनीतिक हलचल को लेकर चर्चा होना लाजिमी है। मुंडा से पीएम की मुलाकात पूर्व निर्धारित थी। उन्होंने भी कहा कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी और इसका कोई राजनीतिक निहितार्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। 

    जानिए, कौन हैं अर्जुन मुंडा

    झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा भाजपा के दिग्‍गज नेता हैं। उनका जन्‍म 3 मई, 1968 को जमशेदपुर में हुआ था। उन्‍होंने रांची यूनिवर्सिटी से स्‍नातक की डिग्री हासिल‍ की।

    युवावस्‍था से ही अर्जुन राजनीति के प्रति आकर्षित थे। 980 के दशक के अंत में वह बिहार-झारखंड विभाजन आंदोलन में शामिल हुए। यह आंदोलन झारखंड मुक्‍ति मोर्चा के नेतृत्‍व में चलाया जा रहा था। 

    1995 में वे पहली बार बिहार राज्‍यसभा में खरसवान जिले से निर्वाचित हुए। इसके बाद 2000 में वे भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार के रूप राज्‍यसभा के सदस्‍य निर्वाचित हुए। 2000 में ही झारखंड राज्‍य की स्थापना हुई। 2003 में मुंडा झारखंड के मुख्‍यमंत्री बनें। इसके बाद 2005 में भी उन्‍हें मुख्‍यमंत्री बनाया गया। 11 सितंबर, 2010 से 18 जनवरी, 2013 तक वे झारखंड के सीएम रह चुके हैं।

    यह भी पढ़ेंः सबको बिजली, पानी और सड़क देंगे सीएम रघुवर दास

    यह भी पढ़ेंः नई तकनीक से कम पानी में पौष्टिक सब्जियां