यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलर्ट करने वाले सेंसर हो जा रहे चोरी
काशीडीह डिपो के कूड़ेदान में लगा सेंसर किसी ने चोरी कर लिय

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : काशीडीह डिपो के कूड़ेदान में लगा सेंसर किसी ने चोरी कर लिया है। सेंसर को जुस्को ने लगाया था ताकि कूड़ादान भरने की सूचना विभाग को तत्काल मिल सके। सेंसर मशीन के चोरी हो जाने से विभाग चिंतित है।
दरअसल, शहर को स्मार्ट बनाने के लिए जुस्को ने तीन मार्च को आधा दर्जन स्मार्ट पायलेट प्रोजेक्ट लांच किए थे। इनमें से एक स्मार्ट डस्टबिन योजना भी थी। कंपनी ने शहर में पांच अलग-अलग स्थानों पर डस्टबिन के अंदर सेंसर मशीन लगाई है। डस्टबिन भरने पर ये सेंसर तुरंत अलर्ट कर देते हैं। इसकी सूचना इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर को मिल जाती है कि डस्टबिन में कचरा भर गया है। इसके बाद कंपनी वाहनों को भेजकर कचड़ा उठा लेती है।
कदमा और साकची एरिया में लगाए गए पांच में से एक सेंसर चोरी हो गया है। विभाग का कहना है कि कूड़ा चुनने वाले लोग संभवत: इसे ई-कचड़ा मानकर डस्टबिन से निकालकर ले गए होंगे। इधर, बताया जा रहा है अन्य जगह लगे सेंसर ये तो बता दे रहे हैं कि डस्टबिन में कूड़ा भर गया है मगर ये नहीं बता पा रहे कि किस इलाके का डस्टबिन भरा है। इस वजह से जुस्को कमचारियों को काम करने में असुविधा महसूस हो रही है। विभाग की ओर से बताया गया कि इस समस्या का हल निकालने का अध्ययन किया जा रहा है।