झारखंड में जिलास्तर पर महिला आयोग का गठन शीघ्र: रघुवर
सीएम रघुवर दास ने कहा कि भ्रूण हत्या को समाप्त किया जाएगा, इसके लिए महिलाओं को आगे आना होगा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जल्द ही जिलास्तर पर महिला आयोग का गठन किया जाएगा। इससे डायना प्रताड़ना को समाप्त करने, पहले पढ़ाई उसके बाद विदाई और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को सही तरीके से धरातल पर उतारने में सहूलियत होगी। भ्रूण हत्या को समाप्त किया जाएगा, इसके लिए जनआंदोलन की जरूरत है, इसमें महिलाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पूरे झारखंड में राज्य सरकार दो करोड़ पेड़ लगाएगी। इसकी शुरुआत पांच जुलाई से होगी।
लक्ष्य पूरे झारखंड को हरा-भरा करना है ताकि आने वाली पीढ़ी को हम स्वच्छ पर्यावरण दे सकें। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने शनिवार को धालभूम क्लब में भाजपा जिला महिला मोर्चा की पहली कार्यसमिति की बैठक और न्यू बारीडीह पार्क के उद्घाटन समारोह में कहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड में निवेश बढ़ाने के लिए मोमेंटम झारखंड के जरिए 3 लाख करोड़ का एमओयू किया गया था। इनमें 700 करोड़ की योजनाओं को धरातल पर उतारा गया। जुलाई में 16 हजार करोड़ की योजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा।
आने वाले 3-4 साल में झारखंड को देश में नंबर वन बनाएंगे और अगले 8 से 10 साल में विश्र्व के मानचित्र पर इस राज्य की अलग पहचान होगी। उन्होंने कहा कि हमें झारखंड के माथे पर लगा पलायन का कलंक मिटाना है। गरीबी को नेस्तानाबूद करना है। इसके लिए राज्य का कौशल विकास जरूरी है। सरकार युवाओं को कुशल बनाने के लिए 700 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
2018 में स्वच्छ झारखंड का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 2019 में स्वच्छ भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। हम 2018 में ही स्वच्छ झारखंड का सपना पूरा करेंगे। इसके लिए कॉरपोरेट कंपनियों को रॉयल्टी के दो फीसद में से एक फीसद इसमें खर्च करने के लिए कहा गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।