विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पुलवामा में मुठभेड़, सेना का मेजर घायल

By Preeti jhaEdited By:
Published: Thu, 22 Jun 2017 10:43 AM (IST)

सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर रखा है, दहशतगर्दो को बचाने मुठभेड़स्थल पर जमा हो पथराव कर रही भीड़ से भी पुलिस व सुरक्षाबलों को जूझना पड़ रहा है।

पुलवामा में मुठभेड़, सेना का मेजर घायल
पुलवामा में मुठभेड़, सेना का मेजर घायल

श्रीनगर, [राज्य ब्यूरो]। दक्षिण कश्मीर के काकपोरा (पुलवामा) में बुधवार रात सुरक्षाबलों और लश्कर के आतंकियों के बीच शुरू हुई मुठभेड़ में सेना का एक मेजर घायल हो गया। मुठभेड़ में घायल मेजर की पहचान 50 आरआर के कार्तिक मंजाल के रूप में हुई है। उनकी बाजू में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।

सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर रखा है, लेकिन दहशतगर्दो को बचाने के लिए मुठभेड़स्थल पर जमा होकर पथराव कर रही भीड़ से भी पुलिस व सुरक्षाबलों को जूझना पड़ रहा है। वहीं, अफवाहों से बचने के लिए प्रशासन ने पुलवामा और उसके साथ सटे इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है। पुलवामा के काकपोरा में न्यू कॉलोनी क्षेत्र में शाम को मगरिब की नमाज के बाद लश्कर के तीन आतंकियों को मस्जिद से बाहर निकलते देखा गया।

इसके बाद सेना की 50 आरआर, राज्य पुलिस विशेष अभियान दल और सीआरपीएफ के जवानों ने घेराबंदी शुरू की। इसपर स्थानीय मस्जिदों से एलान शुरू हो गए और लोग घेराबंदी का विरोध व नारेबाजी करते हुए घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान आतंकयिों ने भी घेराबंदी तोड़ भागने के लिए सुरक्षाबलों पर फायर किया, लेकिन जवानों ने उन्हें मुठभेड़ में उलझा लिया।

इस बीच, नारेबाजी कर रहे तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और उसके बाद वहां हिंसक झड़पें शुरू हो गई। देर रात तक हिंसा व मुठभेड़ जारी थी।इससे पूर्व दोपहर को श्रीनगर के काशी मोहल्ला (बटमालू) में आतंकियों की सूचना पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान (कासो) चलाया, लेकिन आतंकी नहीं मिलने पर एक घंटे बाद अभियान बंद कर दिया गया।