यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सेना ने आतंकियों को शहीद बताने पर शिक्षक को निकाला
त्राल में आतंकी सब्जार की मौत के दो दिन बाद आर्मी गुडविल स्कूल शरीफाबाद में नौवीं कक्षा के छात्रों ने अपनी कक्षा के बोर्ड पर आजादी के नारे लिखे।

श्रीनगर, [राज्य ब्यूरो] । सेना ने आर्मी गुडविल स्कूल शरीफाबाद में तैनात एक स्थानीय शिक्षक को आतंकियों को शहीद बताने पर निकाल दिया, लेकिन इससे नाराज 40 अन्य अध्यापकों ने रोष जताते हुए अपने इस्तीफे संबंधित प्रशासन को सौंप दिए हैं। स्कूल की प्रिंसिपल शायस्ता खान ने मुदस्सर अब्दुल्ला नामक एक अध्यापक के निष्कासन की पुष्टि की है।
सूत्रों ने बताया कि गत 27 मई को त्राल में आतंकी सब्जार की मौत के दो दिन बाद आर्मी गुडविल स्कूल शरीफाबाद में नौवीं कक्षा के छात्रों ने अपनी कक्षा के बोर्ड पर आजादी के नारे लिखे। स्कूल प्रबंधन ने इसका नोटिस लेते हुए छात्रों व उनके अध्यापकों को बुलाया।
प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल और सेना के एक मेजर ने इस बारे में उनसे पूछताछ की। शिक्षक मुदस्सर से एक कर्नल देवेंद्र ने बातचीत की। इस दौरान मुदस्सर ने मारे गए आतंकी को शहीद पुकारा और इससे सैन्य अधिकारी को बहुत गुस्सा आया। उन्होंने उसे निकाल दिया।
स्कूल प्रिंसिपल ने कहा कि हमने नारे लिखने वाले नौवीं कक्षा के छात्रों को चिन्हित कर उनके अभिभावकों को बुलाया। हमने उनसे आग्रह किया कि वह अपने बच्चों को समझाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो। आर्मी गुडविल स्कूल से जुड़े एक अध्यापक ने कहा कि संबंधित प्रशासन छात्रों व अध्यापकों को सुबह की प्रार्थना सभा में जय ¨हद का नारा लगाने को कहता है तो वे इन्कार करते हैं।
वहीं स्कूल से निकाले गए अध्यापक मुदस्सर अब्दुल्ला ने कहा कि बेशक मुझे निकाल दिया गया है, लेकिन मुझे आज तक मेरी सेवाओं को समाप्त करने का अधिकारिक पत्र नहीं दिया गया है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने इस मामले से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि जल्द ही पूरी जानकारी जमा कर सही स्थिति से लोगों को अवगत कराया जाएगा।