विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 28, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

साजिश रचने से बाज आए पाकिस्तान : राजनाथ

By Bhupendra SinghEdited By:
Published: Thu, 28 May 2015 02:55 AM (IST)Updated: Thu, 28 May 2015 03:00 AM (IST)

पाकिस्तान को देश में आतंकवाद व अलगाववाद को शह देने से बाज आने की चेतावनी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर पड़ोसी देश बाज नहीं आया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, जम्मू। पाकिस्तान को देश में आतंकवाद व अलगाववाद को शह देने से बाज आने की चेतावनी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर पड़ोसी देश बाज नहीं आया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। इसके साथ गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीर में पाकिस्तान के नारे व झंडे फहराने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। राज्य सरकार ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटे जो देश में रहते हुए पड़ोसी देश के नारे लगा रहे हैं।

राजनाथ ने कश्मीर का माहौल बिगाडऩे वालों से बातचीत की पेशकश करते हुए उन्हें पाकिस्तान के इशारों पर गुमराह न होने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी धर्म इसकी इजाजत नहीं देता कि अपने देश में रहते हुए दूसरे देश के नारे लगाए जाएं।

मोदी सरकार के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में जम्मू में जल कल्याण पर्व में हिस्सा लेने आए गृह मंत्री ने पड़ोसी देश को तीन बार चेताया।

राजनाथ ने कहा कि अगर उसने भारत के मान, सम्मान व स्वाभिमान पर चोट करने की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। हमें सेना, सुरक्षाबलों पर पूरा भरोसा है और हमने सीमा सुरक्षा बल को भी हिदायत है कि सीमा पार से किसी भी प्रकार के दुस्साहस से सख्ती से निपटा जाए। पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान की ओर से सीमा पर हुई भारी गोलीबारी का हवाला देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि करारा जवाब मिलने के बाद पड़ोसी देश संयुक्त राष्ट्र संघ में त्राहिमाम-त्राहिमाम बोलने के लिए मजबूर हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में आतंकवाद व सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षाबलों का मनोबल ऊंचा है।

जम्मू के तालाब तिल्लो में आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ ने पाकिस्तान पर शांति बनाने के लिए भारत की कोशिशों को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमने ही बार-बार दोस्ती के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन उसने हमेशा धोखा दिया। गृह मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी ने सही कहा था कि हम दोस्त बदल सकते हैं पड़ोसी नहीं।

देश को सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल करार देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सिर्फ भारत ही एक ऐसा देश है जहां पर इस्लाम के सभी 72 फिरके हैं। इस देश में अन्य धर्मों के लोगों के साथ पारसी व यहूदी लोगों को भी बराबर सम्मान मिला।

अपने करीब चालीस मिनट के भाषण में गृह मंत्री ने मोदी सरकार की एक साल की उपलब्धियों को उजागर करने के साथ दावा किया कि इस अवधि में सरकार के दामन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है, जबकि यूपीए सरकार पर हर रोज करोड़ों रुपये के घपले के आरोप लगते थे।

जन कल्याण पर्व के दूसरे दिन आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्य के उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक खजूरिया पार्टी के कई मंत्री, विधायक व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।