यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाक ने फिर की गोलीबारी
पाकिस्तान ने शाम करीब पौने सात बजे भारत की बुद्धवार पोस्ट पर छह गोलियां दागी। ये गोलियां पाकिस्तान की बजरादली पोस्ट से चलाई गई।

जम्मू (जेएनएन)। पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकतें जारी रखते हुए शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर जम्मू में बिश्नाह के अरनिया सेक्टर में भारतीय चौकियों पर गोलियां दागीं। सीमा सुरक्षाबल की 192 बटालियन के जवानों ने भी गोलीबारी का जवाब दिया। इससे कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने शाम करीब पौने सात बजे भारत की बुद्धवार पोस्ट पर छह गोलियां दागी। ये गोलियां पाकिस्तान की बजरादली पोस्ट से चलाई गई। भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद पाक गोलीबारी बंद हो गई। इस घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल ने सीमा पर चौकसी और कड़ी कर दी है।
पाकिस्तान अक्सर घुसपैठ करवाने के लिए आतंकियों को कवर फायर देने के लिए इस तरह की हरकतें करता है, इस आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा कड़ी की गई है।
