यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिमाचलः थाने के सामने खड़ी कार में मिले महिला और उसके बेटा-बेटी के शव
थाने के सामने खड़ी कार में तीन शव मिले हैं। घटना हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की है।

जागरण संवाददाता, नाहन। पांवटा साहिब के पुलिस थाना ग्राउंड के सामने नगर परिषद की पेड पार्किंग में मंगलवार सुबह एक कार में तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई। कार में बरामद शव देहरादून निवासी महिला व उसके बेटा-बेटी के हैं। प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि तीनों की मौत दम घुटने से हुई है। मामला हत्या या आत्महत्या का है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग पाया है।
मंगलवार सुबह करीब चार-पांच बजे कार (यूके 7 यू-3070) को पार्किंग में लाया गया था। कार की खिड़कियां खुली थीं व यह लॉक नहीं की गई थी। पुलिस को छानबीन के दौरान कार से गैस सिलेंडर भी मिला है, जिससे गैस लीक होने पर इन तीनों की मौत होने की आशंका है। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों की टीम ने आशंका जताई है कि गैस से यह लोग पहले बेहोश हुए और संभवत: नींद में ही मौत हो गई। परिजन कुलवीर व रविंद्र ने पांवटा साहिब पहुंच कर उनकी पहचान कर ली है। कुलवीर ने बताया कि रमिंद्र कौर उसकी मासी व इंद्रजीत कौर व जसवीर सिंह मौसेरे भाई-बहन थे। तीनों देहरादून में किराये के मकान में रहते थे और यहां गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे।
तीनों देहरादून के हाउस नं. 316 पेस-2 बंसत विहार में रहते थे। सिरमौर की पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवान, एएसपी विनोद धीमान व फॉरेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि टीम ने कार से फिंगर प्रिंट और गैस सिलेंडर के सैंपल लिए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम व फॉरेंसिंक रिपोर्ट आने के बाद ही कह पाएंगे मौत के क्या कारण रहे।