यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बारिश ने बहाए पांच करोड़ 51 लाख
शिमला में मानसून के इस सीजन में अब तक साढ़े पांच करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।

शिमला, जागरण संवाददाता। अबकी बार करीब 20 फीसद सुस्त मानसून से भी जिला शिमला की सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। तीन दिनों में रुक-रुक कर हो रही बरसात से कई सड़कें प्रभावित और बंद हैं। लोक निर्माण विभाग ने वीरवार को जिला प्रशासन को सड़कों के नुकसान पर रिपोर्ट प्रस्तुत की है। इसको देखते हुए प्रशासन ने विभाग को अपडेट रहने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, निर्देश दिए हैं कि यातायात बहाली के लिए फील्ड स्टाफ को सतर्क रखा जाए।
वहीं, जिला शिमला में मानसून के इस सीजन में अब तक साढ़े पांच करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। अकेले लोक निर्माण विभाग को लगभग तीन करोड़ दो लाख रुपये तथा विद्युत बोर्ड को 34 लाख 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग के तहत लगभग 60 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति की क्षति हुई है। जिला में 10 हेक्टयर कृषि व 90 हेक्टेयर बागवानी योग्य भूमि का नुकसान आंका गया है, जबकि रोहड़ू में चार गायें मरी हैं। चार पक्के मकान तथा दो कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। आंशिक तौर पर छह पक्के मकान तथा 41 कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। 25 गौशालाएं भी बारिश की भेंट चढ़ी हैं। पेड़ गिरने से शिमला में प्रेस बिल्डिंग को भी नुकसान हुआ है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: ठियोग में अड्डा भवन गिरा, प्रभारी सहित मजदूर की मौत