यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिमाचल में भाजपा का कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का निर्णय
शिमला में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का निर्णय लिया गया।

राज्य ब्यूरो, शिमला। भाजपा कार्यसमिति की शिमला में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वाली कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का निर्णय लिया गया। इसके लिए भ्रष्टाचार, महिला असुरक्षा व विफलता को मुद्दा बनाया जाएगा। प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा नरेंद्र मोदी नेतृत्व के नाम पर वोट मांगेगी और साठ प्लस सीटों को जीतने के लिए हर मतदाता से संपर्क स्थापित करेगी।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन पर रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने कार्यकर्ताओं में नई जान फूंक दी।नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधान सेवक मानते हैं और इसी प्रकार उनका संपूर्ण मंत्रिमंडल समाज सेवा की भावना से अपने कार्यो का निर्वहन करता है। पूर्व की सरकारों के लिए शासन का मतलब था निजी हितों के लिए भोग तथा उपयोग।
हिमाचल प्रदेश विकास से काफी हद तक वंचित है, क्योंकि प्रदेश सरकार केंद्र से दी जा रही आर्थिक सहायता का उपयोग करने में नाकाम रही है। शायद कांग्रेस सरकार की यह संकीर्ण भावना हो कि विकास का श्रेय भाजपा को न मिले। केंद्र द्वारा करोड़ों रुपये उपलब्ध करवाने के बाद भी प्रदेश सरकार हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन तक उपलब्ध नहीं करवा सकी है। नड्डा ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को रखा जिसे जनता तक पहुंचाने को कहा।कार्यसमिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद, विधायक, कार्यसमिति के सदस्य मौजूद थे।
आमजन की सुरक्षा के लिए कांग्रेस को हटाना आवश्यक : रामलाल
कार्यसमिति के समापन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने कहा कि हिमाचल के विकास व आमजन की सुरक्षा के लिए कांग्रेस सरकार को हटाना अति आवश्यक है। आज लड़ाई केवल देश के विकास के लिए और प्रदेश से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए है। महिला सुरक्षा के लिए महिला उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी और इस दागदार सरकार की जगह एक बेदाग सरकार को लाने के लिए लड़ना होगा।
एक ऐसी सरकार बनाई जाए जो आगामी 15 वर्ष तक हिमाचल में निर्वाद रूप से जनता की सेवा करती रहे। साठ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश के हर वर्ग से व्यक्तियों को भाजपा में जोड़े। कोई भी व्यक्ति जिसको भाजपा की रीति नीति में विश्र्वास हो और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण आस्था हो उसके लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं।-
वेबसाइट लांच की
हिमाचल प्रदेश के 20 वर्षो के विकास के लिए भाजपा विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर रही है। इसकी वेबसाइट रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने लांच की। इसमें कोई भी व्यक्ति अपने सुझाव दे सकता है। इन सुझावों के आधार पर भाजपा अपना घोषणापत्र जारी करेगी।