यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छठे वेतनमान का इंतजार कर रहे कर्मियों को चार प्रतिशत अंतरिम राहत
पिछले साल सरकार पांच प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान कर चुकी है। अभी तक नौ प्रतिशत अंतरिम राहत मिल चुकी है।

शिमला, राज्य ब्यूरो। छठे वेतनमान का इंतजार कर रहे हिमाचल के कर्मचारियों को सरकार ने चार फीसद अंतरिम राहत प्रदान की है। इसकी पहली अगस्त से देय होगी। सभी कर्मचारियों को सितंबर महीने में इसका भुगतान होगा। इससे चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को मासिक 500 रुपये का लाभ होगा। हिमाचल प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को हर माह तीन हजार रुपये तक का लाभ होगा। प्रदेश सरकार की ओर से अंतरिम राहत जारी होने से ढाई लाख कर्मचारियों व डेढ़ लाख पेंशनरों को लाभ होगा। इससे प्रदेश सरकार पर सालाना 260 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा।
पिछले साल सरकार पांच प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान कर चुकी है। अभी तक नौ प्रतिशत अंतरिम राहत मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कर्मियों को अंतरिम राहत देने का वादा किया था। अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने कहा, सरकार ने अंतरिम राहत इसलिए जारी की है ताकि कर्मियों को नया वेतनमान मिलने तक वित्तीय संकट का सामना न करना पड़े। पहली अगस्त से क्रियान्वित होगी और सितंबर में वेतन के साथ वित्तीय लाभ प्राप्त होगा।