विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कैशलेस होगा लेनदेन, हर व्यक्ति का होगा बीमा

By Neeraj Kumar AzadEdited By:
Published: Sun, 01 Jan 2017 03:34 PM (IST)Updated: Sun, 01 Jan 2017 03:38 PM (IST)

गांव के बुजुर्ग व महिलाएं खरीदारी करने के बाद जेब से कार्ड निकालकर पॉस मशीनों से भुगतान कर सकेंगी।

News Article Hero Image

शिमला (प्रकाश भारद्वाज) : गांव के बुजुर्ग व महिलाएं खरीदारी करने के बाद जेब से कार्ड निकालकर पॉस मशीनों से भुगतान कर सकेंगी। नए साल में प्रदेश के लोगों का जीवन बेहतर करने के लिए कई स्कीमें शुरू होंगी। सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चे इंग्लिश बोलेंगे। हर व्यक्ति बीमा के दायरे में आएगा, नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे, बंजर हो चली जमीन पर शहतूत व खजूर की खेती शुरू होगी। हर ब्लॉक तक राष्ट्रीय राजमार्ग पहुंचेंगे। प्रदेश सरकार वर्ष 2017 में ऐसी कई योजनाएं शुरू करने वाली है, जिससे आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

छह हजार पॉस मशीनें आएंगी
वित्त विभाग ने बैंकों के समक्ष पेंमेट ऑफ सेल (पॉस) मशीनें उपलब्ध करवाने का मामला उठाया है। 17 दिसंबर को महकमे ने बैंकों को मशीनों का आर्डर दिया है। इनसे प्रत्येक व्यक्ति खरीदारी कर क्रेडिट व डेबिट कार्ड से भुगतान कर सकेगा। बच्चों की फीस, बिजली-पानी का बिल पॉस मशीन से चुकाया जा सकेगा। यह मशीनें जिला उपायुक्त कार्यालय सहित सरकारी कार्यालयों से लेकर दुकानदारों के पास भी होंगी।

हमारा होगा ईएसआइ
नेरचौक स्थित ईएसआइ मेडिकल कॉलेज प्रदेश सरकार का होगा। अधिग्रहण की औपचारिकताएं पूरी होंगी। केंद्र सरकार की ओर से 285 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान को प्रदेश 10 साल तक आसान किस्तों में चुकाएगा। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर जमीन का झंझट भी सुलझ जाएगा। मंडी, हमीरपुर और चंबा में मेडिकल कालेज का काम शुरू होगा।

बीमा दायरे में आएंगे
प्रदेश का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ बीमा दायरे में आएगा। यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत सरकारी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का इलाज करवाने के लिए मरीजों को 30 हजार के साथ पौने दो लाख रुपये का बीमा प्राप्त होगा। योजना के तहत स्वस्थ बीमा धारक को रोजाना एक रुपये का भुगतान करना होगा।

जन्म प्रमाण पत्र अस्पताल से मिलेगा
अभी तक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र पंचायत, नगर निकाय, नगर निगम से प्राप्त होता था। अब प्रदेश सरकार सरकारी अस्पतालों में ही जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की सुविधा शुरू करेगी। आधार के साथ जन्म प्रमाण पत्र को जोड़ा जाएगा।

मंडी में होगा दूसरा विवि
मंडी में दूसरा विश्वविद्यालय खुलेगा, जहां पर छह जिलों के युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। ऐसे में प्रदेश के निचले क्षेत्रों के युवाओं को शिमला आने की जरूरत नहीं रहेगी।

गुज्जरों के लिए मोबाइल स्कूल
चंबा जिला के दूरदराज एवं जनजातीय क्षेत्रों में गुज्जर परिवार रहते हैं। उनके बच्चे शिक्षा के बुनियादी हक से वंचित रहते हैं। ऐसे बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए मोबाइल स्कूल खुलेंगे। चार जिलों में गुज्जरों की आबादी विचरण करती है।

इंग्लिश माध्यम स्कूल
सरकारी स्कूलों के बच्चों के दिलों से इंग्लिश का भूत खत्म करने के लिए सरकार प्रदेश में इंग्लिश माध्यम के स्कूलों की संख्या बढ़ाएगी। नतीजतन बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में मोटे पैसे देकर पढऩे की जरूरत नहीं होगी। बच्चे पसंद की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

सड़कों पर झटका नहीं लगेगा
प्रदेश में जो भी सड़कें बनेंगी, उनमें ऐसी तकनीक इस्तेमाल होगी कि वाहनों में सफर करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं उठानी पड़े। सड़कों की एलाइंमेंट व ग्रेडिंग पर ध्यान दिया जाएगा। नए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में नई तकनीक का इस्तेमाल होगा।

नहीं रहेगा कोई प्यासा
जिन गांवों में पीने के पानी की मुश्किले रहती है, वहां रोजाना पेयजल उपलब्ध होगा। सभी जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय व कस्बों की जनता को सुबह-शाम पानी की सप्लाई शुरू होगी।

नया वेतनमान मिलेगा
प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को नए साल में नया वेतनमान मिलेगा। केंद्र सरकार सातवां वेतनमान घोषित कर चुकी है। प्रदेश के कर्मचारियों को छठा वेतनमान मिलेगा। संभावना है कि ग्रेड-पे व टाइम स्केल का मसला भी हल होगा।