यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वनरक्षक की मौत से गुस्साए कर्मचारी सड़कों पर उतरे
जिला मंडी के करसोग में वन विभाग के वनरक्षक होशियार सिंह की मौत के मामले में लोगों के बाद अब विभाग के कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आएं हैं।

जेएनएन, मंडी: जिला मंडी के करसोग में वन विभाग के वनरक्षक होशियार सिंह की मौत के मामले में गांव के लोगों के बाद अब विभाग के कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आएं हैं। विभाग के कर्मचारियों ने आज इस मामले की जांच की मांग करते हुए मंडी में प्रदर्शन किया तथा बाद में उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया।
वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा निकाली गई इस रैली में जमकर नारेबाजी भी की। बाद में कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप कदम से मिला और इस मामले की गहनता से जांच करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वनरक्षक की मौत के मामले में ढंग से जांच होनी चाहिए तथा उसने जिन कर्मचारियों व अधिकारियों पर अारोप लगाए हैं, उन पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष तुलसी राम ने कहा कि उपायुक्त से हत्या की जांच विशेष जांच यूनिट से करवाने की मांग की गई है। साथ ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन भेजा गया। वहीं, उपायुक्त ने भी मामले की गहनता से जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। धरना प्रदर्शन में प्रदेश भर से वन रक्षक व अन्य कर्मचारी शामिल हुए।