यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सेक्स रैकेटः मनाली से तीन युवतियां और एक युवक गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज में सामने आए सेक्स रैकेट के मामले में अब पुलिस ने मनाली से भी तीन युवतियों व एक युवक को गिरफ्तार किया है।

धर्मशाला [मुनीष गारिया]: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज में सामने आए सेक्स रैकेट के मामले में अब पुलिस ने मनाली से भी तीन युवतियों व एक युवक को गिरफ्तार किया है। धर्मशाला पुलिस ने 25 मार्च को मैक्लोडगंज में कुछ युवक व युवतियों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने अब जिला कुल्लू के मनाली में एक निजी होटल में दबिश देकर सेक्स रैकेट में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें तीन युवतियों व एक युवक शामिल है। इनमें एक टैक्सी चालक तेज सिंह मनाली का ही रहने वाला है। जबकि उत्तर प्रदेश की एक व पंजाब के लुधियाना की दो युवतियां शामिल हैं। इसके अलावा दो दलाल भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
यह भी पढ़ें: मैक्लोडगंज सैक्स रैकेट मामला: एक रात का दस हजार में होता था सौदा
इस मामले में एक बड़ा खुलासा भी हुआ है कि पंजाब से संबंध रखने वाला देहव्यापार का मुख्य सरगना व उसके साथी मैक्लोडगंज में बैठकर ऑनलाइन वेबसाइट से दोनों पर्यटन स्थलों में यह धंधा चलाते हैं। वेबसाइट में केवल आरोपी स्थान का नाम बदल देते हैं और जिस नाम की वेबसाइट में जाकर ग्राहक चेक करता है उसे उसी स्थान पर मोल भाव के बाद युवतियां पहुंचा दी जाती हैं।
यह भी पढ़ें: गोवा: पुलिस ने ऑनलाइन सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
मैक्लोडगंज मामले में विनोद निवासी पठानकोट, आदित्य निवासी नोयडा, हैप्पी उर्फ रोहन पुरी निवासी पठानकोट व गुरदेव सिंह निवासी अमृतसर सहित छह अन्य युवतियां एवं महिलाएं गिरफ्तार हुई थीं। इनसे पूछताछ के बाद अब मनाली में भी इस सेक्स रैकेट से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मनाली के एक निजी होटल से गिरफ्तार किया है। उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा गौरव सिंह ने बताया कि देहव्यापार के इस सरगना के तार लंबे जुड़े हुए हैं। मनाली से भी गिरफ्तारियां हुई हैं। इस मामले में कई ओर गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
