यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धुस्सी बांध टूटा, इंदौरा क्षेत्र में तबाही
जागरण टीम, धर्मशाला : भारी बारिश ने जिला में खूब तबाही मचाई है। इंदौरा के डाहकुलाड़ा में छौंछ खड्ड पर

जागरण टीम, धर्मशाला : भारी बारिश ने जिला में खूब तबाही मचाई है। इंदौरा के डाहकुलाड़ा में छौंछ खड्ड पर बना धुस्सी बांध टूट गया। इससे शेखूपुरा, कंदरोड़ी समेत कई क्षेत्रों में बाढ़ आ गई। कई गावों में पांच-पांच फुट तक पानी भर गया है। लोगों ने घरों की छतों पर चढ़कर जान बचाई।
कंदरोड़ी में शनिवार को रेलवे स्टेशन में पानी घुस जाने से दिल्ली-जम्मू के लिए करीब छह घंटे तक रेल सेवा बाधित रही है।
भारी बारिश से छौंछ खड्ड पर बने धुस्सी बांध के टूट जाने से सुबह चार बजे शेखूपुरा व कंदरोड़ी में पानी भर गया। सुबह हुई इस घटना से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों को सामान समेटने तक का समय नहीं मिला। कई गांवों में एकाएक करीब पांच फुट तक पानी भर गया। लोगों का कीमती सामान व मवेशी पानी में बह गए। जिसके हाथ जो सामान लगा वह उसे समेटकर घरों की छतों पर चढ़ गए।
वहीं कंदरोड़ी स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला व नागणी माता मंदिर में भी पानी घुस गया। मंड क्षेत्र में भी बाढ़ आ जाने से गुज्जर समुदाय के मवेशी बह गए। जसूर-गंगथ मार्ग पर ठंगर में पुल टूटने से मार्ग बंद हो गया है। पठानकोट-मंडी हाईवे भी सुबह 61 मील में चीड़ का पेड़ गिर जाने से दो घंटे तक बाधित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
वहीं, कांगड़ा उपमंडल के बल्ला में सुरेश कुमार का रिहायशी मकान गिर गया। पुष्पा देवी दौलतपुर निवासी की गोशाला भी ध्वस्त हो गई। पंचरुखी के तिनबड़-भुआणा मार्ग में ल्हासे गिर जाने से मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। उधर, नूरपुर स्थित आपदा प्रबंधन की टीम भी राहत कार्य में जुट गई है।
एनडीआरएफ की टीमें तैनात, राहत कार्य शुरू
नूरपुर उपमंडल में बारिश से हुए नुकसान को लेकर राहत कार्य शुरू कर दिया है और आपदा प्रबंधन बटालियन की टीमों को रवाना कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी मौसम खराब रहेगा। इसलिए लोग भी एहतियात बरतें। नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें और किसी भी आपात स्थित में प्रशासन को सूचना दें, ताकि राहत कार्य जल्द शुरू किया जा सके। वहीं नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है।
-राकेश प्रजापति, एसडीएम नूरपुर।
