विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 18, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जंगल में मृत मिला तेंदुआ

By Edited By:
Published: Mon, 18 Feb 2013 01:08 AM (IST)Updated: Mon, 18 Feb 2013 01:09 AM (IST)

News Article Hero Image

प्रतिनिधि, अम्ब : उपमंडल अम्ब के कुठेड़ा खैरला गांव के साथ सटे जंगल में रविवार को एक तेंदुआ मृत पाया गया। तेंदुए की खाल उतार ली गई थी व उसका शव खुले में फेंका गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इस संबंध में अम्ब पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया है।

उपमंडल अम्ब के अप्पर कुठेड़ा खैरला गांव के कुछ लोग रविवार को जब जंगल की ओर गए तो उन्होंने बिना खाल के तेंदुए का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। इस पर वन रेंज अधिकारी जन्म सिंह दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। तेंदुए की खाल व नाखून उतार लिए गए थे जबकि उसके शरीर पर कोई ऐसा निशान नहीं मिला है जिससे यह पता लग सके कि वह कैसे मारा गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि शिकारियों द्वारा लगाई गई कड़ाकी में तेंदुआ फंस गया था जिससे वह मारा गया। इसके बाद शिकारी उसे बोरी में डाल कर घटनास्थल पर ले आए होंगे जहां पर उसकी खाल न नाखून उतारे गए। तेंदुए की उतारी गई खाल व नाखूनों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। तेंदुए का बिना खाल जंगल में शव मिलने से उपमंडल अम्ब के जंगलों में धड़ल्ले से हो रहे निरीह जंगली जानवरों के शिकार की एक बार फिर से पुष्टि हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कोई खाल तस्कर गिरोह इलाके में सक्रिय है जो इससे पहले भी तेंदुओं का शिकार करके उनकी खाल उतार कर बाजार में बेच चुका है। उधर, वन रेंज अधिकारी जन्म सिंह का कहना है कि तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि उसके मरने के क्या कारण रहे। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा अम्ब पुलिस थाना में मामला दर्ज करवा दिया गया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर