हेल्दी खाओ हेल्दी रहो
कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में फैली हैं अनेक भ्रांतियां। जिन्हें दूर करना है जरूरी, ताकि खानपान व सेहत से जुड़े फैसले ले सकें सही...
कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में फैली हैं अनेक भ्रांतियां। जिन्हें दूर करना है जरूरी, ताकि खानपान व सेहत से जुड़े फैसले ले सकें सही...
मिथ
कार्बोहाइड्रेट से दूर रहना चाहिए। इसका सेवन मोटापा बढ़ाता है।
हकीकत
मोटापे के लिए सिर्फ कार्बोहाइड्रेट जिम्मेदार नहीं है। वास्तव में फर्क इस बात से पड़ता है कि आप कितनी कैलोरीज लेती हैं। यह सच है कि आपको मिठास युक्त व परिष्कृत कार्बोहाइड्रेट्स वाले खाद्य पदार्थों जैसे व्हाइट ब्रेड, पास्ता व मैदे से बने खाद्य पदार्थों से दूर रहना चाहिए, पर अच्छे कार्बोहाइड्रेट्स जैसे फलों और साबुत अनाज इत्यादि को आहार में आवश्यक रूप से शामिल करना चाहिए। शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए इनका सेवन अनिवार्य है।
मिथ
सलाद के रूप में कच्ची सब्जियों का सेवन पाचन को दुरुस्त करता है।
हकीकत
कच्ची सब्जियों में जो पोषक तत्व पाए जाते हैं, पकाने पर वे कुछ कम हो जाते हैं, पर यह कहना गलत है कि कच्ची सब्जियों के सेवन से शरीर में प्लांट एंजाइम पहुंचते हैं, जो पाचन शक्ति को मजबूत करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ये प्लांट एंजाइम शरीर में पहुंचने पर निष्क्रिय हो जाते हैं। कुछ सब्जियां पकाने के बाद उनमें कुछ खास पोषक तत्व जुड़ जाते हैं, जैसे टमाटर। उसे पकाने पर लाइकोपीन नामक पोषक तत्व प्राप्त होता है।
मिथ
सुबह कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे मन में निराशा के भाव उमड़ सकते हैं।
हकीकत
यह पूरी गलत है। सच तो यह है कि कॉफी के सेवन के अपने फायदे हैं। इसमें ब्लैक टी या ग्रीन टी के मुकाबले ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। यह आपको बढ़ती उम्र के साथ पेश आने वाली बीमारियों जैसे पार्किंसंस और अल्जाइमर के खतरे से बचाती है। यही नहीं कॉफी का सेवन हार्ट अटैक, ब्रेस्ट कैैंसर, अस्थमा और डाइबिटीज के खतरे को भी कम करता है। हां, इसमें चीनी और क्रीम की अधिकता आपको जरूर नुकसान पहुंचा सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक एक वयस्क के लिए रोजाना लगभग चार कप कॉफी का सेवन उपयुक्त है।
मिथ
अंडे का सेवन दिल की सेहत के लिए नुकसानदेह है।
हकीकत
अंडे से प्राप्त होने वाले पोषक तत्व स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, इसलिए इसके सेवन में कोई हर्ज नहीं है। अंडे की जर्दी (पीले भाग) में कोलेस्ट्राल मौजूद होता है, इसके बावजूद वह शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता। बहुत से लोगों को यह पता नहीं होगा कि कोलेस्ट्राल किसी विशेष खाद्य पदार्थ के जरिए शरीर में नहीं जाता, बल्कि सैचुरेटेड फैट्स जैसे घी, मक्खन, मांस में मौजूद फैट के जरिए शरीर में पहुंचता है। एक बड़े अंडे में मात्र 1.5 ग्राम सैचुरेटेड फैट होता है। अंडे में विटामिन ए, डी और आयोडीन अच्छी मात्रा में प्राप्त होता है। उबले अंडे का सेवन सबसे हितकारी होता है।
मिथ
फलों और सब्जियों के जूस का सेवन विषैले तत्वों को बाहर निकालता है और शरीर के सिस्टम को दुरुस्त करता है।
हकीकत
फलों और सब्जियों के जूस का सेवन लाभकारी है, पर आहार में सिर्फ इसे शामिल करने का फैसला सेहत के लिए घातक हो सकता है। सॉलिड फूड के सेवन से दूरी बनाने से शरीर को प्रोटीन व अन्य जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। यदि लंबे समय खानपान का यही सिलसिला कायम रहे तो शरीर में कमजोरी आ सकती है। शरीर को हेल्दी रखने के लिए आहार में अनाज इत्यादि को शामिल करना जरूरी है। हर व्यक्ति के शरीर का सिस्टम अलग होता है, इसलिए जरूरी नहींकि फलों व सब्जियों का जो जूस किसी एक व्यक्ति के लिए लाभकारी है, वह अन्य के लिए भी उतना ही फायदेमंद होगा। बेहतर होगा इस संबंध में पहले डॉक्टर से सलाह कर लें।
मिथ
चीज का सेवन सेहत के लिए नुकसानदेह है।
हकीकत
सच तो यह है कि चीज कैल्शियम का सबसे अच्छा स्रोत है। साबुत अनाज से तैयार व्यंजनों पर ऊपर से थोड़ी मात्रा में चीज डालने से न सिर्फ उसका स्वाद बढ़ जाएगा, बल्कि कैल्शियम की जरूरत भी पूरी हो जाएगी। चीज में लिनोलेक एसिड भी पाया जाता है, जो कैैंसर व दिल की बीमारियों के खतरे को कम करता है। यही नहीं, इसमें प्रोटीन, विटामिन के-2, डी-3, ओमेगा-3 व अमीनो एसिड्स भी प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। लो फैट चीज का सेवन आपकी सेहत के लिए फायदेमंद होगा। (डॉ. गीतिका ओबेराय)