यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सैर पर निकले वकील दंपती को कुत्तों ने घेरा, पत्नी के साहस से बची जान
रोहतक में सुबह की सैर पर निकले एक वकील दंपती को कुत्तों ने घेर लिया। कुत्तों ने वकील का पैर काट दिया। बामुश्किल पत्नी ने पत्थर फेंककर कुत्तों को भगाया।

जेएनएन, रोहतक। मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील दंपती को रास्ते में कुत्तों ने घेर लिया। कुत्ताें ने दंपती को घेर दिया और वकील के पैर को बुरी तरह से काट लिया। करीब 20 मिनट तक कुत्तों ने वकील दंपती के घेरे रखा। हालांकि वकील की पत्नी ने साहस दिखाया और ईंट से उठाकर कुत्तों को भगाया। घायल वकील ने नगर निगम कमिश्नर से कुत्तों के आतंक को लेकर शिकायत की है।
शिवन एन्क्लेव निवासी वकील राजीव शर्मा ने बताया कि वह सोमवार को सुबह पांच बजे जैसे ही डीएलएफ कॉलोनी स्थित डॉ. मारवाह की गली में पहुंचे तो अचानक कुत्ताें के झुंड ने पैर पकड़ लिया। इसमें एक काले रंग के कुत्ते ने तो मांस तक नोंच लिया। कपड़े भी फाड़ दिए। अधिवक्ता ने दोपहर में अधिवक्ताओं ने नगर निगम के कमिश्नर प्रदीप कुमार से शिकायत की है। वकील का कहना है कि उनके साथ जो वह किसी दूसरे के साथ न हो, इसके लिए वह कोर्ट की शरण लेंगे, क्योंकि कुत्तों का आतंक तो शहरभर में है।
बता दें कि प्रेम नगर, पुराना बस अड्डा, सोनीपत रोड आदि स्थानों पर भी कुत्तों का आतंक है। वहीं निगम के डीटीपी केके वाष्णेय का कहना है कि उन्होंने पशुपालन विभाग को चिट्ठी लिखी थी। हाउस की बैठक में भी कुत्ते पकड़ने के लिए संबंधित विभागों को चिट्ठी भेजी थी।