Move to Jagran APP

जागरण फोरम: सीएम ने कहा- बदल रहा है हरियाणा, तो हुड्डा ने उठाए सवाल

करनाल में हरियाणा के विकास और इसके सुझाव को लेकर आयोजित जागरण फोरम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने महिला सुरक्षा और विकास को लेकर अपनी वचनबद्धता दोहराई।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Fri, 12 Aug 2016 09:26 AM (IST)Updated: Fri, 12 Aug 2016 08:30 PM (IST)

जेएनएन, पानीपत। बदलाव और विकास का सीधा रिश्ता रहा है। दोनों के संबंध उम्मीद जगाते हैं, आशान्वित करते हैं। करनाल के होटल नूर महल में जागरण फोरम का शुभारंभ इन्हीं स्पष्ट उद्देश्यों एवं लक्ष्यों के साथ हुआ। इसका शुभांरभ मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने किया। इस माैके पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि उनकी सरकार विकास के जरिये हरियाणा का बदलाव करने में जुटी है। महिला सुरक्षा हमारे लिए सबसे अहम है। फोरम में मनोहरलाल ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को पेश किया तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिहं हुड्डा ने कहा कि भाजपा शासन में विकास योजनाओं की गति थम गई है।

'बदलेगा हरियाणा, बढ़ेगा हरियाणा' विषय पर जागरण फोरम का आगाज

मुख्यमंत्री ने अपना भाषण विकास और महिला सुरक्षा पर केंद्रित रखा। कहा कि हरियाणा का 57 फीसद क्षेत्र एनसीआर में फिर भी हरियाणा पीछे क्यों इसकी बाबत 50 साल का सिंहावलोकन करना होगा। साथ ही बुनियादी ढांचे तक सामाजिक विकास के लिए लोगों सामाजिक सोच बदलनी होगी। महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा।

खट्टर ने कहा कि हरियाणा सरकार के लिए महिला सुरक्षा अहम है। प्रदेश में पुलिस थानों में भी महिलाओं की संख्या 33 फीसद हो यह भी सरकार सुनिश्चित कर रही है। प्रदेश में पहली बार लिंगानुपात का आंकड़ा 900 के पार पहुंचा। खट्टर ने दैनिक जागरण को दस करोड़ से पाठक बनाने की बधाई देते हुए जागरण द्वारा जागरण फोरम करने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास पथ आगे चल रहा है।

पढ़ें : जागरण फोरम : रामबिलास बोले- हटानी होगी दर्पण पर जमी धूल

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है। भ्रष्टाचार को कतई सहन नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य से सिफारिश पर नहीं बल्कि जरूरत के हिसाब से तबादला नीति अपनाई गई है। इस बार दस हजार से ज्यादा शिक्षकों के बिना सिफारिश के तबादले किए गए। पुलिस भर्ती में भी परदर्शिता बरती गई। इसमें साढे तीन लाख युवक ने दौड़े लगाई। इनका वेबसाइट पर दौड़ समय का पूरा विवरण है।

हुड्डा बोले हरियाणा कांग्रेस की देन

कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा का गठन 1996 में हुआ, लेकिन चर्चा में अंग्रेजों के समय से है। राज्य के गठन में स्व. इंदिरा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरियाणा को पंजाब का रेगिस्तान कहा जाता था। पानी के लिए हरियाणा तरस रहा था। राज्य में इसके बाद विकास हुआ। आज हरियाणा आर्थिक तौर पर प्रति व्यक्ति आय एक लाख पचास हजार पार कर गया है। पिछले पचास वर्षों में छोटे से राज्य हरियाणा ने प्रगति का नमूना पेश किया। हरियाणा ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सरकार बनाई थी तो राज्य में एक थर्मल प्लांट था। अब राज्य में चार थर्मल प्लांट हैैं। जब उन्होंने सरकार छोड़ी तो 32 हजार करोड़ बजट छोड़ा था। हुड्डा ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को उनकी सरकार ने निखारा। हरियाणा खेलों में सबसे ज्यादा मेडल जीतने वाला प्रदेश बना। उन्होंने कहा कि हरियाणा को खुशहाल प्रदेश छोड़कर गए थे वर्तमान सरकार पीछे धकेल रही है

बदलेगा हरियाणा, बढ़ेगा हरियाणा के लिए जागरण फोरम में मंथन देखें तस्वीरें

दैनिक जागरण की हरियाणा-पंजाब की राज्य संपादक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दैनिक जागरण सामजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महिला शिक्षा शोध संस्थान की अध्यक्ष डॉ. ऋचा तंवर ने कहा कि विकास की प्रकिया तभी सतत रहेगी जब महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ी है। इसे और भी बढ़ाए जाने की जरूरत है।

कार्यक्रम को संबोधित करतीं ऋचा तंवर।

उन्होंने महिला अधिकारों की जागरूकता पर विशेष ध्यान देने की वकालत की। उन्होंने कहा कि कन्या को पेट में ही मारने का कृत्य अभी भी हो रहा है। लोगों की सोच बदल रही पर हालत अभी चिंताजनक है। बेटियों को मुख्य धारा में लाने की सोच होनी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव व गुडगांव की पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव ने कहा कि महिलाओं की स्थिति में सुधार है, लेकिन जैसी होनी चाहिए वैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज की सोच व व्यवस्था के खौफ से महिलाओं की स्थिति में सुधार संभव है। घर में काम करने वाली महिला का योगदान नहीं माना जाता है। यह दुखद है।

कार्यक्रम को संबोधित करतीं सुधा यादव।

महिला आयोग की चेयरपर्सन कमलेश पंचाल ने कहा किया उन्होंने महिलाओं की हर समस्या का समाधान किया।महिला आयोग पीडि़त महिला की पीड़ा सुन तुरंत समाधान कराता है। अधिकारी पीडि़त महिला की बात नही सुनते हैैं। उन्होंने कहा कि बहू को बेटी की तरह घर में रखा जाए। इससे घरेलू हिंसा में कमी आएगी। ग्रामीण लड़कियों को भी स्वावलंबी बनाए जाने की जरूरत है।

जागरण फोरम में अपनी बात रखतीं संतोष दाहिया।

महिला सर्व खाप पंचायत की चेयरपर्सन संतोष दहिया ने कहा कि महिला के साथ न्याय नहीं हो रहा है। ऐसे हादसे हो रहे कि रूह काप जाती है। बेटी को मां का दर्जा देते हैं उसी बेटी के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। बेटी क्यों सुरक्षित नहीं इस पर सोचना चाहिए। कोई भी समाज आनर किलिंग को मान्यता नहीं दे सकता। सरकार बदलाव नहीं कर सकती समाज कर सकता है।

जागरण फोरम में अपने विचार रखतीं गीता भुक्कल।

कांग्रेस नेत्री व पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने हरियाणा बदलेगा, हरियाणा बढ़ेगा नारा देने के लिए दैनिक जागरण का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आयरन लेडी इंदिरा गांधी की बदौलत हरियाणा का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि महिलाओं के मामले कानूनों को धरातल पर लाने की जरूरत है। महिला उत्थान के लिए काम हो रहा यह सुखद है। अभी आगे काम करने की जरूरत है। आर्थिक आधार पर भी महिलाओं को मजबूत करने की जरूरत है। हरियाणा में हालत सुधरी पर संतोषजनक नहीं है। यहां महिला को घर से निकलना मना था पर आज महिला सरपंच हैं।

सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव सजग दैनिक जागरण के नारी सशक्तीकरण अभियान का अग्रदूत बनीं 10 विशिष्ट महिलाओं को भी सम्मानित किया। इनमें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित प्रख्यात शिक्षाविद रोहतक की डॉ. रेणु चुघ, संकल्प स्वरोजगार केंद्र के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के प्रयास में जुटीं फतेहाबाद की नेहा मित्तल, सर्व खाप महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष दहिया, रियो ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर रहीं रानी रामपाल (उनके पिता रामपाल आए), महिला अधिकारों के लिए संघर्षशील रोहतक की जगमति सांगवान, संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में वर्ष 2006 की टॉपर सोनीपत की मोना श्रीनिवासन, जींद की सफल उद्यमी मनजीत कौर, प्रधानमंत्री के हाथों कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित जींद की सोना देवी, नौ सेना में लेफ्टिनेंट झज्जर की मनीषा तक्षक और गायन के क्षेत्र में नाम कमाने वाली कुरुक्षेत्र की सोनिया शर्मा शामिल हैं।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

उद्योग जगत की चुनौतियों पर भी हुई चर्चा

जागरण फोरम में हरियाणा के उद्योग जगत की चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इंडस्ट्री ग्रोथ को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। पूरे हरियाणा को चार भागों में बांटकर विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पानीपत और अंबाला के उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि यमुनानगर के प्लाई बोर्ड उद्योग को और ग्रोथ की जरूरत है। यहां लगभग 700 एकड़ में कलस्टर बसाया जाएगा।

लिबर्टी के शम्मी बंसल ने कहा कि हरियाणा में जाट आंदोलन का प्रभाव है, लेकिन छह माह बाद लोग ऐसे आंदोलन भूल जाते हैं। इंवेस्टर्स को सस्ती जमीन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि 35 साल में उन्होंने 40 हजार कारीगर ट्रेंड किए हैं। इंडस्ट्री को चलाने के लिए बाहर से मंगाने के बजाय कच्चा माल भी यहीं तैयार करते हैं।

आरटीआइ को भी पाठ्यक्रम में शामिल करने पर विचार

शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने डिजिटलाइनेशन का प्रयोग शिक्षा विभाग से ही शुरू किया है। राज्य के कालेजों में 20 फीसद सीटें बढ़ाई गई हैैं। कालेजों में आनलाइन एडमिशन शुरू किया गया है। इससे दूरदराज की लड़कियों को राहत मिली। पाठ्यक्रम में आरटीआइ को भी शामिल करने पर हरियाणा सरकार विचार कर रही है।

कुलदीप शर्मा ने तबादला नीति पर उठाए सवाल

पूर्व स्पीकर व कांग्रेस विधायक कुलदीप शर्मा ने कहा कि जो सत्ता में रहता है उसे पारदर्शिता विषय शुष्क लगता है। स्पीकर बोलता नहीं सुनता है, जब बोलता है कोई सुनता नहीं। उन्होंने सरकार की तबादला नीति सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को पारदर्शिता से काम करना है तो आम जनता की सहभागिता जरूरी है। लोकतंत्र सही दिशा में नहीं बढ़ रहा। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा आगे बढ़ रहा है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.