विकास व उसका दोस्त गिरफ्तार, सुभाष बराला बोले- दोषी है तो कार्रवाई हो
आइएएस की बेटी से छेड़छाड़ के मामले में फंसे हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के पुत्र विकास बराला व दोस्त आशीष पुलिस के समक्ष पेश हुए। दाेनों को ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़। यहां आइएएस की बेटी से छेड़छाड़ के मामले में फंसे हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के पुत्र विकास बराला और उनका दोस्त आशीष कुमार चंडीगढ़ पुलिस के समक्ष पेश हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनको पुलिस नोटिस जारी कर पेश होने को कहा गया था। वह सेक्टर 26 थाना में पेश हुए। दूसरी ओर,सुभाष बराला ने कहा कि यदि विकास दोषी है तो उस पर कार्रवाई हो।
दोनों को गैरजमानती धाराएं जोड़ने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले में अपहरण की कोशिश की धारा भी जोड़ी गई। छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली युवती वर्णिका के आइएएस अफसर पिता ने कहा कि दोषी को सज़ा मिले, गिरफ्तारी ही काफी नहीं है।

गिरफ्तार करने के बाद आरोपियों को ले जाती पुलिस।
यह भी पढ़ें: दो धाराएं जोड़ने के बाद विकास बराला की गिरफ्तारी, DGP ने कहा- काेई दबाब नहीं
इससे पहले पत्रकारों से बात करते हुए सुभाष बराला ने कहा कि भले ही मेरा बेटा हो अगर वह गलत है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो। सुभाष बराला ने कहा कि उनको पुलिस का नोटिस मिला है और इस मामले में पुलिस को सहयोग देंगे। वर्णिका मेरी बेटी जैसी है। पुलिस कारवाई में पूरा सहयोग करेंगे। इसी बीच उनके पास बेटे विकास का फोन आया तो वह बीच में छोड़ी प्रेस कांफ्रेंस छोड़कर चले गए। प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन भी मौजूद थे।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते सुभाष बराला।
इससे पहले विकास बराला और उसके दोस्त को चंडीगढ़ पुलिस ने आज 11 बजे सेक्टर 26 थाना में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था। पुलिस द्वारा जारी नोटिस को विकास के घर में किसी ने नहीं लिया तो पुलिसकर्मियों ने उनके पिता के आवास के बाहर इसे चिपका दिया। इसके बाद सुभाष बराला के पीए ने कहा कि विकास जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
यह भी पढ़ें: बराला ने चुप्पी तोड़ी, कहा-पीड़ित लड़की बेटी जैसी, जांच पर कोई दबाव नहीं
उधर, पुलिस सेक्टर 26 थाना में इंतजार करती रही, लेकिन विकास नहीं पहुंचे। चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी सतीश कुमार 11 बजे से विकास का इंतजार करते रहे। सतीश कुमार ने कहा कि पीडि़त युवती को इंसाफ दिलवाने की पूरी कोशिश की जाएगी। पुलिस पूरी तत्परता से मामले की जांच कर रही है।
देखें तस्वीरें: चंडीगढ़ में विकास बराला की गिरफ्तारी पर रही गहमागहमी
बताया जाता है कि विकास टोहाना में थे आैर इसी कारण वह दो बजे के बाद यहां पहुंचे। वह सीधे सेक्टर 26 थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष पेश हुए। विकास और उसक दोस्त से पुलिस पूछताछ कर रही है।

चंडीगढ़ के सेक्टर 26 थाने के बाहर तैनात पुलिस बल।
दूसरी ओर, सूत्रों का कहना है कि मामले में किडनैपिंग की धारा जोड़े जाने की पूरी संभावना है। मेडिकल रिपाेर्ट में खुलासा हुआ है कि वारदात के वक्त विकास बराला नशे में था। 26 थाना में पांच एसएचओ व दो डीएसपी समेत भारी पुलिस बल तैनात है। थाने आैर अासपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
युवती के आइएएस अफसर बोले, गिरफ्तारी से पता चला सिस्टम चल रहा है
विकास और आशीष की गिरफ्तारी के बाद युवती के आइएएस पिता ने कहा कि इस गिरफ्तार से पता चला कि हमारा सिस्टम चल रहा है। वह इस मामले पर वह अब कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। वह पुलिस जांच में दखलंदाजी नहीं करना चाहता। उन्हें विश्वास है कि पुलिस अपना काम सही तरीके से करेगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच की है तो इंसाफ की दिलाएगी। इस मामले में कहीं कोताही रही भी है तो कुछ लोगों की वजह से हुआ ,न कि सिस्टम की वजह से।
यह भी पढ़ें: विकास के दोस्त आरोपों से हैरान, कहा- वह शराब पीता ही नहीं
धाराओं को हटाकर फिर लगाए जाने पर उन्हाेंने कहा कि अब जांच शुरू हो गई है और अब वह इस मामले में कुछ नही कहेंगे। इस मामले में बहुत साहस दिया और इसके लिए सभी का आभारी हूं।

सेक्टर 26 थाना के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।
आप कार्यकर्ताओं का थाने के बाहर प्रदर्शन
दूसरी आेर, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने छेड़छाड़ की शिकार युवती को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सेक्टर 26 थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारे लिखे पोस्टर हाथों में ले रखे थे। वे हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
देखें तस्वीरें: बेटे के मामले में हरियाणा भाजपा प्रधान सुभाष बराला ने दी सफाई

सेक्टर 26 थाने के बाहर प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।