विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा के बागी विधायक अब अफसरशाही पर गरम, कहा- अफसरों की है समानांतर सरकार

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Fri, 17 Mar 2017 09:34 AM (IST)Updated: Fri, 17 Mar 2017 10:13 AM (IST)

हरियाणा के बागी भाजपा विधायक अब राज्‍य की अफसरशाही पर हमलावर हाे गए हैं। उनका आरोप है कि अफसर राज्‍य में समानांतर सरकार चला रहे हैं।

भाजपा के बागी विधायक अब अफसरशाही पर गरम, कहा- अफसरों की है समानांतर सरकार
भाजपा के बागी विधायक अब अफसरशाही पर गरम, कहा- अफसरों की है समानांतर सरकार

जेएनएन, चंडीगढ़/ नई दिल्ली। हरियाणा में पिछले कई दिनों से अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाले बागी भाजपा विधायकों के सुर थोड़े हल्के पड़े हैं। पहले सरकार से नाराजगी जता रहे बागी विधायक अब राज्‍य के अफसरशाही पर हमलावर हो गए हैं। राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) वी सतीश के सामने उनका निशाना सीधे सरकार नहीं बल्कि अफसर थे। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में अफसर समानांतर सरकार चला रहे हैं। इससे सरकार पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में बृहस्पतिवार को करीब दो घंटे तक चली बैठक में बागी विधायकों ने अधिकारियों को निशाने पर रखा। बगावत का झंडा बुलंद करने वाले विधायकों की संख्या 16 है। बैठक में छह विधायकों ने पुराने मुद्दे रखते हुए अपनी सुनवाई नहीं होने के आरोप जड़े। वी सतीश ने इन विधायकों को अलग-अलग भी अपनी बात रखने का मौका दिया। वन टू वन मीटिंग में बागियों ने सरकार की कार्य प्रणाली को कठघरे में खड़ा किया।

यह भी पढ़ें: सरकार व जाट नेताओं की वार्ता से जगी सुलह की उम्‍मीद, आज सीएम से बातचीत

वी सतीश द्वारा ली गई बैठक के दौरान न तो मुख्यमंत्री और न ही प्रदेश प्रभारी मौजूद थे। सतीश ने मंत्रियों और प्रदेश कोर ग्रुप की भी बैठकें लीं जिसमें प्रभारी अनिल जैन और मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल हुए। विधायकों ने कहा कि उनका सरकार को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन वे जनता के बीच जाकर क्या जवाब दें? कार्यकर्ताओं के काम नहीं होते और लोगों की कोई सुनवाई नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि थाने चौकियों में उनकी कोई सुनवाई नही होती। फिर अगले चुनाव में कैसे तैयारी कर पाएंगे। कोर ग्रुप की बैठक करीब चार घंटे चली। विधायकों की बात सुनने के बाद वी सतीश जल्द ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को हरियाणा की पूरी रिपोर्ट सौंपेंगे। वी सतीश ने भी विधायकों को गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान का उदाहरण देते हुए पार्टी और सरकार में बेहतर तालमेल के निर्देश दिए। विधायकों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उनके दुख-दर्द में शरीक हों।

-----

हमने बात रख दी, सतीश सब जानते हैं

भाजपा के बागी विधायकों में गिने जाने वाले उमेश अग्रवाल, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की विधायक पत्नी प्रेमलता, संतोष सारवान, मूलचंद शर्मा, रणधीर कापड़ीवास, नरेश कौशिक और लतिका शर्मा ने अधिकारियों को लपेटे में लेने का कोई अवसर हाथ से नहीं जाने दिया। उमेश अग्रवाल ने कहा कि हमने अपनी बात रख दी है। वी सतीश सब जानते हैैं।

-------

हरियाणा भवन की बैठक के बाद किसने क्या कहा...

भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला - सरकार के कामकाज पर संगठनात्मक रूप से चर्चा हुई। वी. सतीश ने सभी की सुनी और अपनी बताई। कहीं कोई विवाद नहीं रहा। जिन विधायकों ने शिकायतें रखीं, उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की चिंता है। मुख्यमंत्री से किसी को कोई शिकायत नहीं है।

उचाना से विधायक प्रेमलता - अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। हर जगह अपनी मनमानी करते हैं। हमारा फोन तक नहीं उठाते। जनता और पार्टी कार्यकर्ता दोनों परेशान हैं।

विधायक नरेश कौशिक - ढाई साल में हम जनता और कार्यकर्ताओं के काम नहीं करवा पा रहे हैं। व्यवस्था में सुधार जरूरी है। बेलगाम अधिकारियों पर लगाम कसी जाए।

यह भी पढ़ें: जाट नेताओं की जेब से होगी नुकसान की भरपाई

पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा - वी सतीश ने कामकाज में नयापन लाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा जीतकर अपनी लोकप्रियता बढ़ाई जा सकती है।

पानीपत शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी - सतीशजी ने बताया कि किस तरह ऑफिस में रहकर भी अपने कामकाज को बेहतर बनाया जा सकता है।

परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार - मुख्यमंत्री हर मंगलवार सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक मंत्रियों से मिलते हैं और हर मंगलवार-बुधवार शाम 6 से 8 बजे के बीच विधायकों से। सभी की शिकायतें सुनकर दूर की जाती है।

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज - कहीं किसी तरह का विरोध नहीं रहा। मुख्यमंत्री बढिय़ा काम कर रहे हैं। मैं चुप ही रहा। कुछ नहीं कहा।