विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांग्रेस में गुटबाजी: हुड्डा समर्थक विधायकों ने किया तंवर की बैठक का बहिष्कार

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 30 May 2017 06:16 PM (IST)

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा बुलाई गई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थक विधायक नहीं पहुंचे।

कांग्रेस में गुटबाजी: हुड्डा समर्थक विधायकों ने किया तंवर की बैठक का बहिष्कार
कांग्रेस में गुटबाजी: हुड्डा समर्थक विधायकों ने किया तंवर की बैठक का बहिष्कार

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी लगातार बढ़ रही है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रदीप कुमार जैन और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर द्वारा बुलाई गई प्रांत पदाधिकारियों, विधायकों और जिला रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक का हुड्डा समर्थक विधायकों ने बहिष्कार कर दिया। हुड्डा समर्थक 11 विधायक मंगलवार को चंडीगढ़ में ही थे, मगर वे तंवर द्वारा बुलाई बैठक में शामिल नहीं हुए।

इन विधायकों ने हुड्डा के फ्लैट पर अलग से बैठक की तथा मानेसर जमीन अधिग्रहण मामले की सीबीआइ जांच पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, विधायक कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई, रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी संगठनात्मक चुनाव की तैयारियों पर हुई तंवर समर्थकों की बैठक में शामिल नहीं हुए।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रदीप जैन आदित्य हरियाणा के चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैैं। उनके साथ नरेंद्र रमौला और हरपाल ठाकुर को लगाया गया है। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व विधायक राजरानी पूनम और पूर्व विधायक आनंद कौशिक को जरूर देखा गया। आदित्य जैन और अशोक तंवर ने जिला रिटर्निंग अधिकारियों को संगठनात्मक चुनाव के लिए आवश्यक हिदायतें दी।

हाईकमान लेगा उचित समय पर उचित फैसला

हरियाणा कांग्रेस कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर का कहना है कि हमने सभी विधायकों के पास सूचना भेजी थी। हो सकता है कि किसी के पहले से कार्यक्रम निर्धारित हों। वैसे यह अनुशासनहीनता है। पार्टी के संज्ञान में है। मैैं किसी की कोई शिकायत नहीं करने वाला हूं। संगठन को मजबूत करना सबकी जिम्मेदारी होती है। हाईकमान उचित समय आने पर उचित फैसला लेगा। वे लोग क्यों नहीं आए, उन्हीं से पूछिए।

चुनाव अधिकारी को बता दिया था, नहीं आ पाएंगे

कांग्रेस विधायक कुलदीप शर्मा ने कहा कि हमने प्रांतीय चुनाव अधिकारी से बात कर ली थी। उन्हें अवगत करा दिया गया था कि आज हम विधानसभा की बैठकों में व्यस्त हैैं। और भी कार्यक्रम थे। हमने उन्हें यह भी कहा कि अलग से मुलाकात कर आपकी बात सुनेंगे और अपनी बात कहेंगे। इसमें गुटबाजी जैसा कुछ भी नहीं है।

यह भी पढ़ें: हरियाणा में पंचायत चुनाव में निर्विरोध चुने गए 21 जनप्रतिनिधि


 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।