यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रातों-रात बदल दी स्टेशन की काया
जागरण संवाददाता, करनाल : रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु के स्वागत के चलते रातों-रात स्टेशन की काया

जागरण संवाददाता, करनाल : रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु के स्वागत के चलते रातों-रात स्टेशन की काया पलट दी गई। धूल-मिट्टी का नामो-निशान स्टेशन पर नहीं था तो जगह-जगह डस्टबीन रखवा दिए गए थे। सुंदरता के कोने-कोने में गमले रखवा दिए। ट्रेन सवार यात्री एक झलक स्टेशन की देखते तो वह भी चक्कर में पड़ जाते कि आखिर इस स्टेशन को इतना चमकाया क्यों गया। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर खानपान का सामान बेचने वाली रेहड़ियों के चूल्हे भी बंद करवा दिए गए।
रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने सीएम मनोहर लाल के साथ मिलकर स्टेशन पर दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच में चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू करवाया। रेल मंत्री के आगमन के मद्देनजर स्टेशन पर रेल अधिकारियों का जमावड़ा सुबह से ही लगना शुरू हो गया था। स्टेशन के अंदर व बाहर विशेष तौर पर सफाई करवाई गई। स्टेशन यात्रियों की सुविधा से संबंधित तमाम स्क्रीन दुरुस्त करवाकर उन्हें चलाया गया। शौचालयों की सफाई करवाई गई तो अधिकारी व कर्मचारी गले में पहचान पत्र डालकर जगह-जगह खड़े रहे। जीआरपी व पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद रही। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई तो यात्रियों का सामान भी उनके बैग खुलवाकर चेक किया गया। सुरक्षा के लिहाजा से इतनी चौकसी दिखाई गई कि स्टेशन पर खानपान की बेचने वाले रेहड़ी वालों के चूल्हे सुबह के समय बंद करवा दिए गए। स्टेशन पर पहुंचे लोग भी हैरान थे कि आखिर इतनी सफाई और चौकसी क्यों बरती जा रही है। पता करने में उन्हें पता चला कि रेल मंत्री के आगमन के चलते यह बदली हुई तस्वीर नजर आ रही है।
पानी की व्यवस्था नहीं होने से सूखे कंठ
रेलमंत्री व सीएम के आगमन के मद्देनजर स्टेशन के मुख्य गेट के साथ ही पंडाल सजाया गया। पंडाल में लोगों को गर्मी से बचाने के लिए पंखों का बंदोबस्त किया गया, लेकिन पानी का प्रबंध नहीं होने से लोगों के कंठ सूखे रहे। पंडाल और इसके बाहर पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
