यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोनीपत लोकसभा सीट में लग सकता है खाद कारखाना : कौशिक
जागरण न्यूज नेटवर्क, जींद : जमीन व पानी की उपलब्धता होने पर सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में खाद का कारखाना

जागरण न्यूज नेटवर्क, जींद : जमीन व पानी की उपलब्धता होने पर सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में खाद का कारखाना लगाया जा सकता है। जींद की अधूरी पड़ी विकास योजनाओं को केंद्र के सहयोग से शीघ्र पूरा करने के प्रयास किये जाएंगे तथा 26 दिसंबर को जींद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की घोषित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इसी वर्ष जून माह तक जींद-सोनीपत रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास होगा तथा रोहतक तक आने वाली बरेली एक्सप्रेस का रूट रोहतक से बढ़ाकर जींद तक किया करवाया जाएगा। मेरठ से जींद वाया गोहाना रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने, रोहतक रोड तथा बाईपास निर्माण को गति देने का आश्वासन दिया है। जींद जिले में सड़क सुधार व नई सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पूरा किया जाएगा। शुक्रवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान सोनीपत से भाजपा सांसद रमेश कौशिक ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय उर्वरक मंत्री, सड़क एवं परिवहन मंत्री तथा
रेल मंत्री अलग-अलग ने मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिये हैं इस दौरान उन्होंने 22 जनवरी को पानीपत में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली तथा पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. ओपी पहल, पुरुषोत्तम शर्मा, अमन शर्मा, जवाहर सैनी, लीलाधर मित्तल, डॉ. राज सैनी, दलशेर लोहान आदि मौजूद थे।
रेल कोच फैक्ट्री बनाने का कोई प्रपोजल नहीं
जुलाना : सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार के पास अभी तक सोनीपत में रेल कोच फैक्ट्री बनाने का कोई प्रपोजल नहीं है। कांग्रेस सरकार ने झूठी घोषणाएं करके लोगों को केवल बरगलाने का काम किया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन जींद-गोहाना रेल मार्ग पर आगामी जून माह तक रेल की सीटी जरूर सुनाई देगी। लोगों की मांग के अनुसार जींद-पानीपत मार्ग पर शीघ्र ही एक और सवारी रेल गाड़ी की शुरुआत की जाएगी। इस मौके पर जुलाना नपा की चेयरपर्सन निर्मला देवी, सुरेंद्र फौजी, पुष्पा तायल, सतीश सांगवान, रामनिवास लाठर, जिला पार्षद रमेश ढिगाना, अमरपाल राणा, अनिल गालव, विनोद कुमार, अर्जुन पंडित, ओमप्रकाश सैनी, रामनिवास लाठर आदि मौजूद थे।
क्षेत्र को नहीं रहने देंगे पीछे
सफीदों : सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि सफीदों को विकास में पीछे नहीं रहने देंगे। इसके लिए जींद को एनसीआर में शामिल करवाने, बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करवाने के प्रयास किये जाएंगे ताकि इस क्षेत्र के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के साधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार द्वारा ऐसी कोई घोषणा नहीं की जाएगी, जिनको पूरा न किया जा सके। इस मौके पर उनके साथ वंदना शर्मा, विधायक जसबीर देशवाल, सुरेश कौशिक, एडवोकेट विजयपाल, अमरपाल राणा आदि मौजूद थे।
