यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
श्वासों के मूल्य को पहचानना जरूरी
मुलाना : साध्वी रजत रश्मि ने कहा कि मानव जन्म अत्यंत दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि अगर हमने मानव जीवन

मुलाना : साध्वी रजत रश्मि ने कहा कि मानव जन्म अत्यंत दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि अगर हमने मानव जीवन को पाकर इन श्वासों के मूल्य को नहीं पहचाना तो यह व्यर्थ चला जायेगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में जागृति लानी चाहिए। परिवर्तन लाना होगा। उन्होंने कहा कि आज हम धन के पीछे दौड़ कर धर्म को भूलते जा रहे हैं। परंतु हमारे से धर्म जायेगा, धन नहीं। जैन साध्वी ने कहा कि धन पाने व आधुनिकता की दौड़ में आज हम देव, गुरु व धर्म को भी भूलते जा रहे हैं। इस भौतिकता की चकाचौंध में हमारे परिवार से समाज से अध्यात्म खत्म होता जा रहा है। जैन साध्वी रजत रश्मि ने कहा कि सत्संग ही वो रास्ता है, जहां से हमे जीवन जीने की कला के बारे में ज्ञान होता है। सत्संग में ही हमे सच्चे देव, सच्चे गुरू व सच्चे धर्म के दर्शन होते हैं। उन्होंने कहा कि जब हमें सच्चे गुरू के दर्शन होते हैं तो वो हमें इस भव सागर से पार उतारने के उपाय बताते हैं। जैन साध्वी ने कहा कि सभी को सत्संग में जरूर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे जैसे हम इस सत्संग रूपी सरोवर में स्नान करते हैं, वैसे वैसे हमारी आत्मा में निरंतर निखार आता जाता है। हमें अपने जीवन में सत्संग के महत्व को जरूर समझना चाहिए। इसी से जीवन का कल्याण संभव है। इस अवसर पर एसएस जैन सभा के प्रधान अशोक जैन, श्यामलाल जैन, श्रीपाल जैन, जगमोहन जैन, दिनेश गोयल, यशपाल मलिक, उमेश गोयल, विपिन जैन, सुरेंद्र जैन धनौरा सहित अन्य भी मौजूद रहे।