यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
साल 2013 : बॉलीवुड के सबसे चर्चित किस्से
साल 2013 में बॉलीवुड में कई सितारों की जिदंगी में काफी उथल पुथल मची रही। कई सितारे विवादों में घिरे ...और पढ़ें

मुंबई। साल 2013 में बॉलीवुड में कई सितारों की जिदंगी में काफी उथल पुथल मची रही। कई सितारे विवादों में घिरे रहे, तो कई अपनी लोकप्रियता को लेकर चर्चा में रहे। वैसे भी बॉलीवुड का विवादों से गहरा नाता रहा है। कुछ स्टार्स ऐसे भी हैं जो किसी न किसी वजह से रोजाना सुर्खियों में बने रहे, तो कुछ अपने कारनामों से खबरों की हेडलाइंस बने। साल की शुरुआत से ही इनकी कहानियां रंग जमाती दिखीं जो अंत तक खत्म होने का नाम ही नहीं ले पाई। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ सितारों के जीवन में इस साल क्या कुछ हुआ।
रितिक रोशन और सुजैन का तलाक
साल का अंत कुछ ऐसा होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। रितिक रोशन और सुजैन खान का रिश्ता टूटना आम बात नहीं थी। दिसंबर में जब रितिक ने इसकी घोषणा की, तब से अब तक इस खबर ने सबको चौंका रखा है। कुछ लोगों को तो अब तक यकीन नहीं हो रहा है कि आखिर ऐसा हुआ क्यों। मीडिया में इनके अलगाव को लेकर कई तरह की बातें सामने आईं, लेकिन अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि दोनों की तलाक की असली वजह क्या है। इस खबर ने अब तक सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी है।
मुन्ना भाई जेल में
मुंबई ब्लास्ट के दौरान अवैध हथियार रखने के मामले में टाडा के तहत संजय दत्त का जेल चले जाना बड़ी खबर थी। जी हां इस केस में सुनवाई से शुरू करके, संजू बाबा के जेल जाने तक, उसके बाद पैरोल के तहत उनका बाहर आना, तब से अब तक संजू बाबा के जीवन में हो रही हलचल ने खूब सुर्खियां बटोरी। कभी उनका यरवदा जेल जाना, उसके बाद फर्लो के तहत एक महीने के लिए बाहर आना और फिर दोबारा अपनी पत्नी के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए एक महीने के लिए पैरोल के तहत बाहर आना। संजू बाबा काफी महीनों तक इन सब को लेकर विवादों में घिरे रहे।
जिया खान मर्डर मिस्ट्री
अभिनेत्री जिया खान की इतनी कम उम्र में मौत। जिया ने आत्महत्या की या उनकी हत्या कर दी गई थी। आज तक ये गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। जिया की मौत ने पूरे बॉलीवुड को सदमें में डाल दिया था। जिया की मौत मामले में अगर आज भी कोई भी हरकत होती है तो वो सबसे पहले चर्चा में आती है। जिया की मौत को लेकर उनके ब्यॉयफ्रेंड सूरज को जिम्मेदार ठहराया गया था। जिसके बाद सूरज को कई दिनों तक जेल की सजा भी काटनी पड़ी थी, लेकिन फिलहाल वे बाहर हैं। जिया की अचानक मौत ने उनके फैंस को भी तगड़ा झटका पहुंचाया था। ये बॉलीवुड की अब तक की सबसे बड़ी मर्डर मिस्ट्री बन गई है।
सलमान-शाहरुख की दोस्ती
जी हां ईद में जब सलमान खान और शाहरुख खान को गले मिलते हुए देखा गया तो वो मोमेंट ऑफ द ईयर बन गया। इतने सालों से दोनों की दोस्ती में दरार पड़ी हुई थी, लेकिन उस एक मौके ने दोनों को करीब लाने में मदद की। दोनों की गले मिलती हुई तस्वीर ने बॉलीवुड में धमाका मचा दिया। खबरें आने लगी कि दोनों के बीच सुलह हो गई है। दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें आने लगी।
आखिरकार शाहरुख खान ने ट्विटर पर इसकी सफाई देते हुए लिखा था कि जीवन की किताब के पन्ने को पलटना जीवन में सबसे खूबसूरत एहसास है। जीवन की इस किताब में और भी कई पन्ने होते हैं लिखने के लिए, अगर हम पुराने को ही देखते रहेंगे तो नई कहानी कैसे लिखी जाएगी। याद हो कट्रीना की बर्थडे पार्टी पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। नाराजगी इतनी बढ़ गई थी कि दोनों आज भी उसी बात को लेकर बैठे थे। अपने बेटे अबराम के जन्म के अवसर पर किंग खान की ओर से रखी गई पार्टी में भी सल्लू नहीं आए। पहले दुश्मनी और फिर दोस्ती दोनों बातों ने काफी दिनों तक मीडिया का ध्यान आकर्षित किया
सलमान का खुद को वर्जिन कहना
हाल ही में सलमान का करण के टॉक शो में खुद को वर्जिन करार देना मीडिया की सुर्खियां बना। सलमान खान के इस खुलासे ने मीडिया में तहलका मचा दिया। सलमान ने ऐसा कुछ कह दिया जिससे लाखों फैंस का दिल टूट गया। सोशल साइट्स पर काफी दिनों तक इसकी चर्चा होती रही।
कट्रीना और रणबीर की प्यार की दास्तां
कट्रीना कैफ और रणबीर कपूर के प्यार के चर्चे भी इस साल खूब सुर्खियों में रहे। खासकर उनकी इबिजा बीच वाली तस्वीरों ने बी टाउन में खलबली मचा दी। कैट की रणबीर के साथ बिकनी में खींची गई तस्वीरें इस साल खूब हिट रही। साथ ही दोनों के प्यार की दास्तां भी।
शाहरुख तीसरी बार बने पिता
सरोगेसी के जरिए अबराम को जन्म देने की खबर ने मीडिया को हिलाकर रख दिया है। इस खबर ने किंग खान को विवादों में घेर दिया है। भले ही किंग खान ने अबराम को मीडिया से दूर रखने की कोशिश की है, लेकिन किसी न किसी कारण से ये दोनों रोज सुर्खियों में बने रहते हैं। आज भी किंग खान लिंग परिवर्तन के मामले में फंसे हुए हैं। तीसरे बच्चे को जन्म देना किंग खान को काफी भारी पड़ा। इसके अलावा भी वे पूरे साल कभी अपनी फिल्मों को लेकर, तो कभी सोशल साइट्स पर अव्वल रहने के लिए चर्चा में रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
