यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
असेंबली इलेक्शन: किशोर बोले, केंद्रीय एजेंसी की गाड़ी से उत्तराखंड पहुंचाया पैसा
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2017 को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसी की गाड़ी से उत्तराखंड में पैसा पहुंचाया गया।

हरिद्वार, [जेएनएन]: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने प्रधानमंत्री व गुप्तचर एजेंसियों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने इंटेलीजेंस ब्यूरो का नाम लिये बगैर कहा कि केंद्रीय एजेंसियों की गाड़ियों से भाजपा ने उम्मीदवारों को कैश पहुंचाया और चुनाव में शराब व धन का प्रयोग कर जमकर आचार संहिता का उल्लंघन किया।
कहा कि बिना अनुमति के पीएम की जनसभा होने पर दस फरवरी को मंच पर मौजूद रहे केंद्रीय मंत्री, सांसद व अन्य नेताओं के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने न्यायिक जांच की मांग की।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भाजपा पर उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में धनबल, निर्धारित रकम से अधिक धन खर्च करने व मतदाताओं को लुभाने को शराब के प्रयोग करने का आरोप लगाया।
आरोप लगाया कि दस फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी ने बिना अनुमति के जनसभा की। उन्हें पीएम को संपूर्ण जानकारी के बाद जनसभा में आना चाहिये था। कहा कि अगर निर्वाचन आयोग कार्रवाई नहीं करता है तो माना जाएगा कि आयोग केंद्र के दबाव में था। कहा कि जरुरत पड़ी तो यह मुद्दा एसेंबली में उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नैतिकता की बात करने वाले पीएम माफी मांगे, लेकिन भाजपा का अहंकार लोकशाही के लिए ठीक नहीं है। बकौल उपाध्याय-चुनाव में अनुमति के बाद मेरी कार तीन बार चेक की गई, जबकि सीएम का हेलीकॉप्टर व कार की जांच हुई। वहीं, चुनाव में उत्तराखंड दौरे पर भाजपा के करीब चौदह मंत्रियों के हेलीकॉप्टर की जांच नहीं हुई। नोटबंदी के बाद भाजपाके पास इतना रूपया कहां से आया।
आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों की गाड़ियों में आसानी से रूपया उत्तराखंड पहुंचा है। कहा कि इसकी न्यायिक जांच होनी जरुरी है। कहा कि 15 फरवरी तक आने वाले पोस्टल बैलेट ही मान्य होने चाहिए।
