विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रीता बहुगुणा जोशी ने कहा, खतरनाक होंगे उत्तर प्रदेश के चुनाव

By Sachin MishraEdited By:
Published: Wed, 29 Jun 2016 02:05 PM (IST)Updated: Wed, 29 Jun 2016 02:20 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव काफी खतरनाक हो सकता है। यह आशंका रीता बहुगुणा जोशी ने जताई है।

News Article Hero Image

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लखनऊ कैंट की विधायक डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने आशंका जतायी है कि उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव काफी खतरनाक होगा। चुनाव को प्रभावित करने के लिए धार्मिक उन्माद फैलाने और सांप्रदायिक कार्यक्रम अभी से शुरू हो गए हैं। यह भी कहने से नहीं चूकीं कि विधानसभा चुनाव के संदर्भ में सपा और भाजपा के बीच मैच फिक्स है।

सोमवार को जागरण फोरम में 'राजनीति और चुनाव सुधार' विषय पर आयोजित वैचारिक विमर्श में उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ था। अगले विधानसभा चुनाव के पहले कैराना मामले की गूंज सुनायी पडऩे लगी है। उन्होंने कहा कि धनबल, बाहुबल, जातिवाद और सांप्रदायिकता के जरिये उत्तर प्रदेश के माहौल को दूषित कया जा रहा है जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है।

एक पार्टी टिकट बेचती है तो दूसरी यह देखती है कि जो खड़ा है उससे मजबूत कौन है और तीसरी सांप्रदायिक उन्माद फैलाने का मौका नहीं चूकती। उन्होंने कहा कि उप्र के चुनाव धनपशुओं और बाहुबलियों की गिरफ्त में जकड़े हुए हैं। परिचर्चा में साथ बैठे पूर्व केंद्रीय चुनाव आयोग डॉ.एसवाई कुरैशी को साधुवाद देते हुए उन्होंने माना कि चुनाव आयोग ने बहुत काम किया है लेकिन यह भी कहने से नहीं चूकीं कि धनबल और बाहुबल की प्रवृत्तियों को रोकने में वह नाकाम रहा है।

फिर मंच पर भाजपा सांसद हुकुम सिंह से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि 'आपने जानबूझ कर कैराना प्रकरण छेड़ा। आपने भले ही यह कहा हो कि कैराना प्रकरण सांप्रदायिक विषय नहीं लेकिन आपने पलायन करने वाले परिवारों को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की। 'तुरंत ही यह भी जोड़ा कि आपने इसे फैलने से रोका भी। फोरम के मंच से उन्होंने समाज को बांटने वाले भावुक विषयों में न उलझने की अपील की।

चुनावी घोषणापत्रों को लेकर सियासी दलों की गंभीरता पर टिप्पणी करते हुए डॉ.जोशी ने कहा कि घोषणापत्र के वादे मृगतृष्णा सरीखे होते हैं। राजनीतिक दलों से चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन की अपेक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि तभी लोकतंत्र स्वस्थ और परिपक्व होगा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका गांधी से पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने का निवेदन किया है। पार्टी को कौन लीड करेगा, यह वक्त बतायेगा लेकिन इस बार सभी विरोधी दल घबड़ा रहे हैं कि कांग्रेस इतनी मजबूती से उभरेगी कि सबकी नैया डूबेगी।

संबंधित अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें