भव्य समारोह में होगा मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का शपथग्रहण
भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण रविवार को होगा। नए मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ कांशीराम स्मृति उपवन में सायं साढ़े चार बजे शपथ लेंगे।
By Nawal MishraEdited By: Published: Fri, 17 Mar 2017 08:48 PM (IST)Updated: Sun, 19 Mar 2017 10:59 AM (IST)
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होगा। नए मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ कांशीराम स्मृति उपवन में सायं साढ़े चार बजे शपथ लेंगे। शासन स्तर पर इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारी शुरू हो गयी है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री, दर्जन भर राज्यों के मुख्यमंत्री, उद्योगपतियों समेत अति विशिष्ट अतिथियों के आने के संकेत मिले हैं।
इस सिलसिले में सुबह डीजीपी जावीद अहमद, एडीजी सुरक्षा भवेश कुमार सिंह, एडीजी कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी और आइजी जोन लखनऊ ए. सतीश गणेश की एक बैठक में सुरक्षा और यातायात को लेकर बैठक हुई। इसके बाद दोपहर को एनेक्सी में मुख्य सचिव राहुल भटनागर, प्रमुख सचिव गृह देबाशीष पंडा और डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण स्थल और सुरक्षा इंतजाम पर गहन चर्चा की गयी। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण स्मृति उपवन का चयन किया गया है। पुलिस प्रवक्ता, आइजी एसटीएफ रामकुमार ने बताया कि अभी प्रधानमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन, उनका आना तय है। एडीजी सुरक्षा और आइजी जोन को कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गयी है।
सात एसपी और 24 एएसपी समेत 34 कंपनी फोर्स
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए एसपीजी की टीम लखनऊ आ गयी है। एडीजी दलजीत सिंह चौधरी के मुताबिक सुरक्षा के लिए सात पुलिस अधीक्षक, 24 अपर पुलिस अधीक्षक, 50 उपाधीक्षक, 550 दारोगा-इंस्पेक्टर, 3370 सिपाही, 18 कंपनी केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल, 16 कंपनी पीएसी और 500 यातायात पुलिसकर्मी लगाए गये हैं। शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर भव्य मंच और पंडाल लगेगा। डीएम और एसएसपी को सोफे, कुर्सियों, माइक, पंखों के अलावा बैरीकेडिंग, वाटर प्रूफ शामियाने की व्यवस्था के निर्देश दिए गये हैं। समारोह स्थल पर वीवीआइपी श्रेणी के लिए निर्धारित दीर्घा के अलावा 70 हजार कुर्सियों की व्यवस्था के निर्देश दिए गये हैं। समारोह स्थल पर कई प्रवेश द्वार बनाये जाएंगे।
राष्ट्रीय गान के लिए पीएसी बैंड
शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर राष्ट्रीय गान होगा। इसके लिए पीएसी बैंड को अधिकृत किया गया है। जिम्मेदारी एसएसपी को दी गयी है। हाल में आइएस खुरासान माड्यूल की गतिविधि को देखते हुए व्यापक तैयारी की गयी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्थल निरीक्षण लगातार होगा। वीवीआइ दीर्घा में जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रहेगी। खासतौर पर पूरे समारोह में संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। राजभवन की ओर से मानक सूची के अनुसार विशिष्ट अतिथियों को निमंत्रण पत्र निर्गत होंगे। मनोनीत मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के रिश्तेदारों, मित्रों एवं अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के लिए भी आमंत्रण पत्र जाएंगे।
बनेगी वीवीआइपी दीर्घा
अतिथियों के लिए श्रेणीवार दीर्घा बनाई जाएंगी। हर निमंत्रण पत्र और उसके लिफाफे पर स्पष्ट रूप से इंगित किया जाए कि संबंधित महानुभाव द्वारा शपथ ग्रहण स्थल के किस दीर्घा में स्थान ग्रहण किया जाना है। मुख्यमंत्री, मंत्री के लिए अलग दीर्घा और उनके परिवार और रिश्तेदारों के बैठने के लिए अलग श्रेणी की व्यवस्था होगी। नए मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए सभी योजना तय कर ली गयी है। मुख्यमंत्री बुलेट प्रूफ कार में पर्याप्त सुरक्षा के बीच आएंगे। मंत्रियों के लिए स्कोर्ट वाहन, शैडो और गनर के लिए डीजीपी को हिदायत दी गयी है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें