यूपी चुनाव : गठबंधन के बाद भी चौथे चरण में आमने-सामने होंगे सपा व कांग्रेस के प्रत्याशी
गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी 298 तथा कांग्रेस 105 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके बाद भी दोनों पार्टियों के प्रत्याशी आमने-सामने हो रहे हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन के बाद भी बात नहीं बन पा रही है। प्रदेश में तीन चरण के चुनाव में दोनों पार्टियों के दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों से एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोंकी। अब 23 फरवरी को होने वाले चौथे चरण के चुनाव में भी इन दोनों पार्टियों के प्रत्याशी एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे।
माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन उत्तर प्रदेश में सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी को एक बार फिर उसी मुकाम को दिलाने के लिए हुआ है। उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीट हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव : सपा ने महिला सभा की अध्यक्ष रंजना बाजपेई सहित नौ को किया बाहर
इसके लिए गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी 298 तथा कांग्रेस 105 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके बाद भी दोनों पार्टियों के प्रत्याशी आमने-सामने हो रहे हैं। कई सीटों पर राहुल और अखिलेश प्रत्याशी चयन को लेकर सहमत नहीं हो सके हैं।
चौथे चरण का मतदान कल होना है। इस चरण में भी कई सीटें ऐसी हैं, जहां से सपा व कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इससे मतदाता बेहद असमंजस में है। वह अपना मत किसको देगा।
यह भी पढ़ें-UP Assembly Election:हार की आहट से अखिलेश यादव में बौखलाहट
चौथे चरण में फतेहपुर की बिंदकी सीट पर कांग्रेस के अभिमन्यु सिंह एक तरफ जीत की कोशिश कर रहे हैं, वहीं उनके सामने समाजवादी पार्टी के रामेश्वर दयाल चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने अभिमन्यु सिंह का टिकट वापस ले लिया है लेकिन उनका नाम ईवीएम पर रहेगा। लिहाजा गठबंधन समर्थक वोटरों को तय करना मुश्किल रहेगा कि किसे समर्थन दें।
यह भी पढ़ें-यूपी चुनाव में जुमलेबाजी : बहनजी संपत्ति पार्टी का जवाब निगेटिव दलित मैन
कांग्रेस के गढ़ में ही गठबंधन टिकट के बंटवारें को लेकर तनातनी सड़क पर दिखाई दे रही है। रायबरेली की सरेनी सीट से एक तरफ समाजवादी पार्टी से देवेंद्र प्रताप सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने यहां से अशोक कुमार सिंह को टिकट दिया है। रायबरेली के ऊंचाहार में मंत्री रहे मनोज कुमार पांडेय मैदान में हैं, वहीं उनके सामने कांग्रेस से अजय पाल सिंह ताल ठोक रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: गुजरात के गधों का प्रचार न करें सदी के महानायक
बुंदेलखंड में ललितपुर की महरौनी सीट से कांग्रेस ने बृजलाल खाबरी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि यहां से समाजवादी पार्टी के रमेश खटिक भी मैदान में डटे हैं। चित्रकूट जिले के मानिकपुर से कांग्रेस ने गुलाबी गैंग की कर्ताधर्ता संपत पाल को टिकट दिया है, यहां से समाजवादी पार्टी से दिनेश मिश्रा भी मैदान में डटे हैं।