जनता एक शहजादे से परेशान थी अब दो हो गए: अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अभी आप एक शहजादे से ही परेशान थे अब दो हो गए हैं। एक से मां तो दूसरे पिता परेशान है।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर जमकर हमला बोला। कहा कि अभी तक आप एक शहजादे से ही परेशान थे अब तो दो हो गए हैं। एक से मां परेशान है तो दूसरे पिता और दोनों से प्रदेश परेशान है। यह सिद्धांतों का नहीं, भ्रष्टाचारी कुनबे का गठबंधन है। कांग्रेस व सपा के राज में इतने घोटाले हुए हैं कि दोनों दलों के नेताओं को जनता से वोट मांगने का अधिकार ही नहीं है। राहुल के साथ ही अखिलेश सरकार पर भी विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनने पर विकास क्या होता है, सभी को नजर आने लगेगा। शाह ने ये बातें अमेठी, प्रतापगढ़ और कौशांबी में आयोजित जनसभाओं में कहीं।
यह भी पढ़ें:पूर्वाचल में सपा को झटका, मंत्री विजय मिश्र का सपा से इस्तीफा
अमित शाह ने कहा कि गांधी-नेहरू परिवार व मुलायम सिंह-अखिलेश यादव का परिवार परिवारवाद को बढ़ावा दे रहा हैं। दोनों ही परिवार अपनों को आगे बढ़ाने में इतना मशगूल हैं कि इन्हें देश व प्रदेश की फिक्र ही नहीं है। राहुल लगातार मोदी जी से हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने राहुल से सवाल करते हुए कहा कि 60 सालों तक उनका परिवार शासन किया है। 2019 में मोदी जी पाई-पाई का हिसाब जनता के सामने पेश करेंगे। आज मोदी की अगुआई में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मोदी जी की 90 फीसद योजना को बीच का ट्रांसफार्मर रोक देता है। ट्रांसफार्मर आपका जल गया है। उस ट्रांसफार्मर को उखाड़ फेंको। जनता से कहा कि हाईस्कूल व इंटरपास छात्र- छात्राओं को लैपटाप देने की बात कह रहे हैं। क्या आपको लैपटाप मिला। जिस पर जनता ने नहीं कहा। सपा की लड़ाई दिखावा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश कह रहे हैं कि वह सुधर गए हैं। चाचा शिवपाल, आजम खां, अतीक अहमद सभी सपा से चुनाव लड़ रहे हैं। आखिर सुधार हुआ कहां। बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि मुख्तार अंसारी जैसे दागी लोग भी पार्टी के बैनर तले चुनाव मैदान में हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी कत्लखानों को बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आप अमेठी में भाजपा को बढ़त दिलाइए। प्रदेश में बढ़त खुद मिल जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP Assembly Election: मोदी की राष्ट्र के प्रति वफादारी पर कांग्रेस को संदेह
प्रतापगढ़ के रानीगंज में भाजपा प्रत्याशी धीरज ओझा, सदर तथा व विश्वनाथगंज विस क्षेत्र से अपना दल (एस) भाजपा गठबंधन प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता व डॉ. आर के वर्मा के समर्थन में देर शाम हुई सभाओं में भाजपाध्यक्ष ने कहा कि पूरे 15 साल तक प्रदेश में सपा-बसपा, बसपा-सपा चलता रहा। केंद्र में कांग्रेस व प्रदेश में बुआ-भतीजे की सरकार ने उप्र को विकास के मामले में पिछड़ा बना दिया। जनसमुदाय से बिजली, पानी, सुरक्षा, अस्पताल, सस्ती दवा की उपलब्धता का हाल पूछा। उत्तर नहीं में मिला तो कहा, क्या काम बोल रहा है। भ्रष्टाचार तथा अपराध की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने इंजन के रूप में नरेंद्र मोदी को केंद्र में बैठा दिया है, लेकिन वह इंजन अकेले उत्तर प्रदेश को नहीं चला सकता। इसके लिए एक और इंजन की जरूरत है। इससे पहले कौशांबी में चायल विस क्षेत्र के मूरतगंज स्थित मेलाबाग मैदान में हुई जनसभा में भाजपाध्यक्ष ने कहा कि दो चरणों में जिस तरह मतदान हुआ है, उससे लगता है कि पश्चिम से चली भाजपा की लहर पूरब पहुंचते-पहुंचते सुनामी में बदल जाएगी। प्रदेश का भाग्य बदलने के लिए परिवर्तन जरूरी है और भाजपा ही एकमात्र विकल्प। भाजपा महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय व सांसद विनोद सोनकर भी इस मौके पर मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।