विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ट्रंप के अभियान से अलग नहीं होगी रिपब्लिकन पार्टी

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Wed, 12 Oct 2016 06:56 PM (IST)Updated: Wed, 12 Oct 2016 08:10 PM (IST)

डोनाल्ड ट्रंप के 11 साल पुराने वीडियो के बावजूद रिपब्लिकन पार्टी उनके राष्ट्रपति अभियान से अलग नहीं होगी।

News Article Hero Image

वाशिंगटन, प्रेट्र। आठ नवंबर के राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले अमेरिकी राजनीति में तूफान खड़ा करने वाले डोनाल्ड ट्रंप के 11 साल पुराने वीडियो के बावजूद रिपब्लिकन पार्टी उनके राष्ट्रपति अभियान से अलग नहीं होगी। पॉल रेयान और जॉन मैक्केन जैसे दिग्गज नेताओं की राय को खारिज करते हुए पार्टी ने उनके साथ खड़े रहने की घोषणा की है।

पार्टी की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष रीएंस प्रीबस ने वीडियो पर अफसोस जताते हुए कहा है कि पार्टी अब भी ट्रंप के साथ खड़ी है और उनके समर्थन में पूरे देश में अभियान जारी रहेगा।टेड क्रूज और न्यूट गिंग्रीच जैसे नेताओं ने भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए ट्रंप को समर्थन जारी रखने का एलान किया है। इससे उत्साहित ट्रंप ने रेयान और मैक्केन जैसे नेताओं के विरोध को नजरंदाज करने की कोशिश की है। उन्होंने रेयान को विश्वासघाती, कमजोर नेता और हिलेरी से भी ज्यादा खतरनाक बताया है।

उन्होंने कहा कि यदि वे राष्ट्रपति चुने गए तो रेयान ज्यादा समय प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष नहीं रह पाएंगे। सीनेट प्राइमरी चुनाव में मैक्केन का समर्थन करने पर भी उन्होंने अफसोस जताया। गौरतलब है कि महिलाओं के खिलाफ अश्लील टिप्पणी वाला ट्रंप का 2005 का वीडियो सामने आने के बाद से करीब 30 रिपब्लिकन गवर्नर और सांसद सार्वजनिक तौर पर ट्रंप को वोट नहीं देने की घोषणा कर चुके हैं। पार्टी के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार माइक पेंस ने भी इस रवैये पर निराशा जताई।

पढ़ेंः ट्रंप बोले- रिपब्लिकन की उम्मीदवारी बंधन से मुक्त, अपने हिसाब से लड़ूंगा चुनाव

ओबामा ने बताया अयोग्य

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ट्रंप की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें शीर्ष पद के लिए अयोग्य बताया है। नॉर्थ कैरोलिना में रैली को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा कि ट्रंप के पास वह मिजाज, जानकारी और ईमानदारी नहीं है जो राष्ट्रपति बनने के लिए जरूरी होती है। उन्होंने ट्रंप के 11 साल पुराने टेप को घृणास्पद भी बताया है।

विकीलीक्स कर रहा मदद

हिलेरी के चुनाव प्रचार दल के प्रमुख जॉन पोडेस्टा ने विकीलीक्स और रूस पर ट्रंप की मदद का आरोप लगाया है। विकीलीक्स ने हाल में रूसी हैकरों से मिले हजारों ई-मेल सार्वजनिक किए हैं। इनसे हिलेरी की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। वहीं, हिलेरी ने पेरिस संधि का विरोध करने को लेकर अपने प्रतिद्वंद्वी की आलोचना की है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने कहा कि अमेरिकी जनता एक ऐसे व्यक्ति को व्हाइट हाउस भेजने का जोखिम नहीं ले सकती जो जलवायु को नजरंदाज करता है।

बताया दुनिया के लिए खतरनाक

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख जैद राद अल हुसैन ने कहा है कि यदि ट्रंप अमेरिकी राष्ट्रपति बने तो वे पूरी दुनिया के लिए खतरनाक साबित होंगे। हुसैन पहले भी ट्रंप के मुस्लिम, प्रवासी विरोधी बयानों की तीखी आलोचना कर चुके हैं।

पढ़ेंः ट्रंप पर जमकर बरसे बराक ओबामा, कहा- खामियों के भंडार हैं रिपब्लिकन कैंडिडेट