अमेरिकी चुनाव के ताजा सर्वेक्षण में ट्रंप को झटका, हिलेरी की जीत पक्की
सीबीएस न्यूज के अनुसार महिला मतदाताओं के बीच हिलेरी को ट्रंप पर 19 फीसद की बढ़त हासिल है।
वाशिंगटन, प्रेट्र । ताजा सर्वेक्षणों के अनुसार आठ नवंबर को होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक दावेदार हिलेरी क्लिंटन की जीत पक्की है। महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप को भारी पड़ रही है। यौन उत्पीड़न के आरोपों में ट्रंप के घिरने के बाद कराए गए सीबीएस न्यूज और मोनमाउथ यूनिवर्सिटी के सर्वे में हिलेरी को निर्णायक बढ़त मिली है। ये आंकड़े ऐसे वक्त में सामने आए हैं जब दोनों की आखिरी सीधी बहस बुधवार को होनी है।
सीबीएस न्यूज के सर्वेक्षण में हिलेरी को 47, ट्रंप को 38, लिबरेशन उम्मीदवार गैरी जॉनसन को आठ और ग्रीन पार्टी के उम्मीदवार जिल स्टीन को तीन फीसद मत मिले। दो उम्मीदवारों के बीच कराए गए सर्वे में हिलेरी की लोकप्रियता 51 फीसद के पार पहुंच गई, जबकि ट्रंप को महज 40 फीसद लोगों ने पसंद किया। दो सप्ताह पहले हिलेरी को ट्रंप पर सिर्फ चार फीसद की बढ़त प्राप्त थी।
सीबीएस न्यूज के अनुसार महिला मतदाताओं के बीच हिलेरी को ट्रंप पर 19 फीसद की बढ़त हासिल है। वहीं, मोनमाउथ यूनिवर्सिटी के सर्वे में हिलेरी को 50 और ट्रंप को 38 फीसद मत मिले हैं। सभी राष्ट्रीय सर्वेक्षणों पर नजर रखने वाली रियलक्लियरपॉलिटिक्स के अनुसार ट्रंप पर हिलेरी की औसतन बढ़त बढ़कर सात फीसद हो गई। इन सर्वेक्षणों के बाद कई जानकार हिलेरी को अपराजेय मान रहे हैं, क्योंकि चुनाव में अब महज तीन हफ्ते ही रह गए हैं।
...तो शपथ से पहले पुतिन से मिलेंगे ट्रंप
यदि ट्रंप चुनाव जीतने में सफल रहे तो शपथ लेने से पहले वे रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे। डब्ल्यूएनडी रेडियो को दिए साक्षात्कार में रिपब्लिकन उम्मीदवार ने यह बात कही। ऐसा आमतौर पर नहीं होता कि कोई व्यक्ति शपथ लेने से पहले किसी विदेशी नेता से मुलाकात करें। गौरतलब है कि पुतिन की कई मौकों पर प्रशंसा करने को लेकर ट्रंप पहले से ही विवादों में हैं।
18 लाख मृतक भी मतदाता
ट्रंप ने हिलेरी और मीडिया के बीच सांठगांठ का आरोप लगाते हुए चुनाव में धांधली की आशंका जताई है। पीयू रिसर्च के रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आठ में से एक मतदाता का पंजीकरण त्रुटिपूर्ण है। वोटर लिस्ट में 18 लाख ऐसे नाम हैं जिनकी मौत हो चुकी है। करीब साढ़े 27 लाख वोटर ऐसे हैं जिनका एक से ज्यादा प्रांत में पंजीयन है।
सितारों से सजी शाम
न्यूयॉर्क के सेंट जेम्स थियेटर में सोमवार की शाम हिलेरी के लिए चंदा जुटाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में हॉलीवुड के कई नामचीन सितारों ने प्रस्तुति दी। इनमें जुलिया राबर्ट, साराह जेसिका पार्कर, मैथ्यू ब्रॉडरिक, एमिली ब्लंट, नील पैट्रिक हैरिस, हेलेन मिरन, ह्यूग जैकमैन जैसे सितारे शामिल हैं। हिलेरी के पति और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी बेटी चेल्सी भी मौजूद थीं।
पति के बचाव में आगे आई मेलेनिया
कोई कुछ भी कहे लेकिन मेलेनिया ट्रंप को अपने पति पर पूरा भरोसा है। उनका कहना है कि महिलाओं को लेकर अश्लील टिप्पणी के लिए उन्हें उकसाया गया था और उन्होंने ट्रंप के मुंह से कभी ऐसी बातें नहीं सुनी। सीएनएन को दिए साक्षात्कार में 46 वर्षीय मेलेनिया ने यह बात कही। सात अक्टूबर को 2005 का एक वीडियो जारी किए जाने के बाद से यह उनका पहला साक्षात्कार था। इस वीडियो में ट्रंप शेखी बघारते और महिलाओं के लिए आपत्तिजनक बाते करते नजर आए थे। इसके बाद से कम से कम नौ महिलाएं उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा चुकी हैं।
मेलेनिया ने कहा,'मैंने अपने पति से कहा कि जो भाषा उन्होंने इस्तेमाल की वह अनुचित थी। मैं भी हैरान थी क्योंकि ये वो आदमी नहीं था जिसे मैं जानती हूं। क्या पता उन्हें जानकारी भी थी या नहीं कि माइक चालू है। वहां लड़कों वाली बातें हो रही थी और वे भी रौ में आ गए।' उन्होंने कहा कि ट्रंप के प्रचार को पटरी से उतारने के मकसद से चुनाव के ठीक पहले इतना पुराना वीडियो सामने लाया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।