विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरियाणा में गो तस्करों को गौ रक्षक दल के लोगों ने खि‍लाया गोबर, वीडियो वायरल

By JP YadavEdited By:
Published: Wed, 29 Jun 2016 07:38 AM (IST)Updated: Wed, 29 Jun 2016 09:39 AM (IST)

कुंडली मानेसर पलवल हाईवे पर पकड़े गए गौतस्करों के साथ घिनौना सलूक किया गया। तस्करों को गोबर खिलाने का वीडियो सामने के बाद हंगामा मच गया है।

News Article Hero Image

फरीदाबाद (जेएनएन)। हरियाणा में गौ रक्षा के नाम पर गुंडागर्दी जारी है। कुंडली मानेसर पलवल हाईवे पर पकड़े गए गोतस्करों के साथ घिनौना सलूक किया गया। दोनों तस्करों को पहले तो बुरी तरह पीटा गया फिर उन्हें गोबर तक खिलाया गया। गौरक्षकों का तस्करों के साथ बेरहमी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन दोनों को गोबर खाने को मजबूर किया जा रहा है। घटना 10 जून की है।

वीडियो सामने आने से पुलिस में हड़कंप

तस्करों को गोबर खिलाने का वीडियो सामने के बाद इस ओर हंगामा मच गया है। वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि इसमें दो लोगों को जबरन गाय का गोबर, दही, घी खिलाने और गोमूत्र व दूध पिलाया जा रहा है। आरोप है कि दोनों लोगों के साथ गौ रक्षक दल के सदस्यों ने ऐसा किया। वहीं गुड़गांव गौ रक्षक दल के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने दो लोगों रिजवान और मुख्तियार को 10 जून को पंचगव्य खिलाया है।

यूं हुई घटना

घटना के बारे में धर्मेंद्र यादव के मुताबिक, दल को खबर मिली कि दो लोग बीफ लेकर जा रहे हैं। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे पर गाड़ी को रोका। इसमें 700 किलो बीफ मेवात से दिल्ली ले जाया जा रहा था। धर्मेंद्र की माने तो उनके दल ने रिजवान और मुख्तैर नाम के दोनों लड़कों को पंचगव्य यानी गाय के गोबर, गोमूत्र, दूध, दही और घी का मिश्रण खाने के लिए मजबूर किया था।

लगवाए जय श्री राम के नारे

बहरहाल, वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो लोग सड़क के किनारे गोबर के मिश्रण को सामने रख कर बैठे हैं और पानी की मदद से उसे जैसे तैसे खाने की कोशिश कर रहे हैं। गौ रक्षक दल के स्वयंसेवक उन्हें जल्दी करने को कह रहे हैं. वे बीच-बीच में उन्हें ‘गोमाता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने को कह रहे हैं।

युवकों के चेहरों पर पिटाई के निशान

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो मे दो युवको के चेहरे पर बुरी तरह पिटाई का निशान दिख रहा है और उनके सामने एक पॉलीथिन रखी दिख रही है जिसमे गोबर रखा हुआ है। उन्हे गोबर खाने के लिए मजबूर किया गया। यह वीडियो सराय ख्वाजा क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो के समय के बारे में अभी संशय है। सराय ख्वाजा थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि वीडियो के बारे मे उन्हे जानकारी लगी है। अभी यह पता नही चल पाया है कि यह कब बनाया गया। साथ ही किसी ने अभी मामले को लेकर शिकायत नही दी है। उन्होंने बताया कि वह अपने स्तर पर मामले की जांच करा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।