यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
LG और केजरीवाल के बीच जंग शुरू, AAP ने लगाया भेदभाव का आरोप
AAP के दो विधायकों ने उपराज्यपाल द्वारा समय नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किए। इसमें साफ तौर पर उपराज्यपाल पर भेदभाव करने का आरोप लगाया गया।

नई दिल्ली [ जेएनएन ] । दिल्ली में केजरीवाल सरकार की अब उपराज्यपाल अनिल बैजल से भी जंग शुरू हो गई है। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से मिलकर अपने अधिकारों के बारे में पूछा था। अब उनके विधायकों ने कपिल मिश्रा को लेकर उपराज्यपाल अनिल बैजल पर निशाना साधा है।
आप सरकार को इस बात का मलाल है कि उपराज्यपाल उन्हें मिलने का समय नहीं दे रहे हैं। इसे लेकर पार्टी के दो विधायकों ने उपराज्यपाल द्वारा समय नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किए। इसमें साफ तौर पर उपराज्यपाल पर भेदभाव करने का आरोप लगाया गया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली नगर निगम में खिला कमल, कांग्रेस और आप में खलबली
आप ने उपराज्यपाल अनिल बैजल और दिल्ली सरकार के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा की मुलाकात को लेकर सीधे तौर पर सवाल खड़े किए। आप ने इस पर हैरानी भी व्यक्त की। आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने एक साथ चार ट्वीट कर आरोप लगाया कि वह उपराज्यपाल से मिलने के लिए समय मांग रहे हैं। लेकिन उपराज्यपाल काम करने में व्यस्त हैं।
सौरभ भारद्वाज ने ट्विटर पर लिखा कि 17 हजार अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर उपराज्यपाल से मिलने के लिए पिछले एक माह से उपराज्यपाल कार्यालय से समय मांग रहे हैं। मगर समय नहीं मिल रहा। वह व्यस्त बता दिए जाते हैं।
भारद्वाज ने व्यंग करते हुए लिखा कि मुझे विश्वास है कि उपराज्यपाल अभी भी व्यस्त होंगे। इसके साथ ही भारद्वाज ने कहा कि मैं और मेरी पार्टी के कई विधायक नगर निगमों द्वारा गलत तरीके से रोके गए काम से परेशान हैं।
यह भी पढ़ें: MCD Election: जानें, ऐसा क्या हुआ जो अरविंद केजरीवाल ने आखिरकार मान ली हार
इसे लेकर कई पत्र उपराज्यपाल को लिखे जा चुके हैं, लेकिन आज तक मिलने का समय नहीं मिला। एक अन्य ट्वीट में भारद्वाज ने सवाल उठाया कि आखिर वह कौन है जो पार्टी से निलंबित विधायक को कागजात उपलब्ध करा रहा है और कौन साजिश रच रहा है।
इससे पहले सुबह के समय आप के विधायक सोमनाथ भारती नें भी ट्वीट कर उपराज्यपाल अनिल बैजल पर निशाना साधा। उन्होंने भी आरोप लगाया कि उपराज्यपाल उन्हें मिलने का समय नहीं दे रहे हैं।
उपराज्यपाल के खिलाफ आप विधायकों द्वारा शुरू की जा चुकी इस जंग के दूरगामी मायने लगाए जा रहे हैं। आप सरकार यह समझ रही है कि जो अधिकारी उनकी नहीं सुन रहे हैं, वे एलजी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्हें उपराज्यपाल कार्यालय द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है।
माना जा रहा है कि उपराज्यपाल और दिल्ली की आप सरकार के बीच की लड़ाई और जोर पकडऩे जा रही है। कपिल मिश्रा की बार बार उपराज्यपाल से हो रही मुलाकात आप सरकार को नहीं भा रही है। जिसे लेकर आप सरकार नाराज है।
