यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जल्द ही गंतव्य स्थान तक पहुंचने से पहले राह में रुकेगी दूरंतो
दिल्ली से चलने के बाद सीधे गंतव्य स्थान पर जाकर रुकने वाली दूरंतो एक्सप्रेस अब मार्ग में पडऩे वाले कुछ ...और पढ़ें

नई दिल्ली । दिल्ली से चलने के बाद सीधे गंतव्य स्थान पर जाकर रुकने वाली दूरंतो एक्सप्रेस अब मार्ग में पडऩे वाले कुछ अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी। इससे इन स्टेशनों के यात्रियों को लाभ होगा। हालांकि, इसके लिए यात्रियों को कुछ माह इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि यह बदलाव अगले वर्ष जनवरी से किया जाएगा।
लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पूर्व रेल मंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकाल में दूरंतो एक्सप्रेस शुरू की थी। इस ट्रेन का मार्ग में कोई व्यवसायिक ठहराव नहीं होता है। तकनीकी कारणों और स्टाफ बदलने के लिए बीच के स्टेशनों पर यह ट्रेन रुकती भी है तो इसमें कोई यात्री नहीं चढ़ सकता है।
इसमें सिर्फ वही यात्री सफर कर सकता है, जो ट्रेन के गंतव्य स्थान तक जाने वाला होता है। लेकिन, अगले वर्ष जनवरी से दूरंतो एक्सप्रेस के ठहराव में बदलाव किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर इस महत्वपूर्ण ट्रेन के व्यवसायिक ठहराव को बढ़ाने का फैसला किया गया है।
इससे यात्रियों के सामने एक और विकल्प होगा और दूसरे ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची में भी कमी आएगी। वहीं, इस बदलाव से रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। क्योंकि ऑफ सीजन में इन ट्रेनों के टिकट की बिक्री में काफी कमी आ जाती है।
बीच के स्टेशनों पर ठहराव होने से ऑफ सीजन में टिकटों की बिक्री में वृद्धि होगी। अधिकारियों ने कहा कि जिन ट्रेनों के ठहराव में अगले वर्ष से बदलाव किया जा रहा है, उनका आरक्षण शुरू हो गया है। इसलिए यात्री अपनी सुविधा के अनुसार टिकट ले सकते हैं।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
- पुणे निजामुद्दीन दूरंतो एक्सप्रेस : कोटा, रतलाम, वडोदरा, वसई रोड, लोनावाला।
- मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस : कोटा, रतलाम, वडोदरा।
- दिल्ली सराय रोहिल्ला-जम्मू तवी दूरंतो एक्सप्रेस : लुधियाना।
- चेन्नई सेंट्रल-निजामुद्दीन दूरंतो एक्सप्रेस : झांसी, नागपुर, बल्लाड़शाह, विजयवाड़ा।
- एर्नाकुलम-हजरत निजामुद्दीन दूरंतो एक्सप्रेस : कोटा, रतलाम, वडोदरा, पनवेल, रत्नागिरी, मडगांव, मंगलौर जंक्शन, कोझीकोड।
- भुवनेश्वर-नई दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस : मुगलसराय, कानपुर।
- सिकंदराबाद-निजामुद्दीन दूरंतो एक्सप्रेस : बल्लाड़शाह, नागपुर, झांसी।
- यशवंतपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला दूरंतो एक्सप्रेस : गुंटकुल, सिकंदराबाद।
- नई दिल्ली-सियालदह दूरंतो एक्सप्रेस : धनबाद।