यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पेशाब करने से रोका तो रिक्शे वाले को मार डाला, विदेश से हरकत में PM मोदी
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू भाजपा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ रविंद्र के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। मंत्री ने उनके परिजनों को 50 हजार रुपये दिए।

नई दिल्ली (आशुतोष झा)। दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में दो व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थल पर पेशाब करने से मना करने वाले ई-रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या के मामले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निंदा की है। प्रधानमंत्री फिलहाल चार देशों की यात्रा पर हैं।
सरकारी प्रवक्ता ने सोमवार रात बताया कि प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले अपराधियों को दंडित करने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः ई-रिक्शा चालक के मर्डर से दुखी मोदी के मंत्री, खुले में पेशाब करने से रोका था
साथ ही मारे गए ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के समर्थक ई-रिक्शा चालक रविंद्र कुमार (32) के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सहायता कोष से एक लाख रुपये भी स्वीकृत किए हैं।
वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू सोमवार को भाजपा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ रविंद्र के घर पहुंचे और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। मंत्री ने उनके परिजनों को 50 हजार रुपये दिए और रविंद्र के भाई को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने भी दिल्ली सरकार की ओर से उपराज्यपाल/मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये मुआवजा दिया है। राशि का चेक और संवेदना संदेश रविंद्र की पत्नी रानी को उत्तरी दिल्ली के डीएम अमित सतीजा ने स्वयं उनके घर जाकर दिया।
उपराज्यपाल ने पुलिस आयुक्त को निर्देश दिए कि इस मामले में शीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
बता दें कि शनिवार रात गुरु तेग बहादुर मेट्रो स्टेशन के पास जब ई-रिक्शा चालक रविंद्र ने दो लड़कों को मेट्रो स्टेशन के बाहर खुले में पेशाब करने से रोका तो वह नाराज हो गए। लड़कों से रविंद्र की बहस हुई और दोनों धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद आरोपी 20-25 अन्य लोगों के साथ आए और रविंद्र को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू को मिली तो उन्होंने ट्वीट किया, ‘दिल्ली में एक ई-रिक्शा चालक ने दो व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने से रोकने का प्रयास किया। उसकी हत्या हो जाने पर दुख हुआ। वह स्वच्छ भारत कार्यक्रम को बढ़ावा दे रहा था’।
