विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 31, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब UP में 1000 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश करेगा पतंजलि योग पीठ

By JP YadavEdited By:
Published: Tue, 31 May 2016 08:02 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 31 May 2016 09:04 AM (GMT+05:30)

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एक आयुर्वेद विवि व एक अस्पताल की स्थापना भी की जाएगी। इससे क्षेत्र के करीब एक लाख लोगों के लिए रोजगार का दरवाजा खुलेगा।

News Article Hero Image

नोएडा (जेएनएन)। पतंजलि योग पीठ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में करीब एक हजार करोड़ रुपये का पूंजी निवेश करेगा। एक आयुर्वेद विवि व एक अस्पताल की स्थापना भी की जाएगी। इससे क्षेत्र के करीब एक लाख लोगों के लिए रोजगार का दरवाजा खुलेगा।

बाबा रामदेव की यूपी में दस्तक, प्लांट लगाएगी पतंजलि योग पीठ

बाबा रामदेव के करीबी आचार्य बालकृष्ण यमुना प्राधिकरण पहुंचे। उन्होंने सीईओ डा. अरुणवीर सिंह के सामने सात सौ एकड़ जमीन लेने का प्रस्ताव रखा। प्राधिकरण अधिकारियों ने दो सेक्टरों में उन्हें जमीन दिखाई। आचार्य बालकृष्ण का रुख काफी सकारात्मक रहा। अगले सप्ताह बाबा रामदेव प्राधिकरण क्षेत्र का दौरा करेंगे।

कुछ ठीक-ठाक रहा तो बाबा रामदेव के दौरे के बाद योग पीठ की तरफ से जमीन के लिए प्राधिकरण में आवेदन किया जाएगा।

आचार्य बालकृष्ण सुबह दस बजे प्राधिकरण पहुंचे। प्राधिकरण अधिकारी उन्हें सीधे सेक्टर 22 ई और 24 ले गए। साइट पर जमीन देखने के बाद आचार्य बालकृष्ण और अधिकारियो का काफिला प्राधिकरण पहुंचा। वहां करीब एक घंटे तक वार्ता हुई।

बालकृष्ण ने कहा कि उन्हें यमुना के किनारे 400 एकड़ जमीन नेचरोपैथी के लिए चाहिए। प्राधिकरण ने अभी जमीन अधिगृहीत नहीं की है। प्राधिकरण सीईओ डा. अरुणवीर ने कहा कि यदि योग पीठ जमीन लेने को तैयार हो जाता है, तो भूमि अधिग्रहण कर आवंटन कर दिया जाएगा। इसमें कोई अड़चन नहीं है।

बालकृष्ण से सेक्टर 24 तक बनी 45 मीटर चौड़ी सड़क को 100 मीटर चौड़ी करने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में उनके वाहन उत्पादों को लाने ले जाने के लिए आएंगे। प्राधिकरण सड़क को चौड़ी करने को तैयार हो गया।

आचार्य बालकृष्ण ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार से योग पीठ को कोई मदद नहीं मिल रही है, इसलिए हरिद्वार में योग पीठ का विस्तार नही हो पा रहा है। सरकार के असहयोग के कारण योग पीठ ने अब उत्तराखंड से बाहर निवेश करने का फैसला किया है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की अन्य शहरो से बेहतर कनेक्टविटी के कारण यह पहली पंसद है।

यमुना एक्सप्रेस वे, पैरिफेरल हाईवे, दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर, पाली-पल्ला रेलवे स्टेशन, नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे आदि के चलते यहां से अन्य शहरों के लिए कनेक्टिविटी अच्छी है। इससे योग पीठ का अपने उत्पादों को मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में आसानी से पहुंचाया जा सकेगा।

योग पीठ यहां पर एक आयुर्वेद विश्व विद्यालय, एक अस्पताल, दिव्य फार्मेसी, पंतजलि ग्रामोउद्योग, एक नेचुरोपैथी केंद्र खोलने की योजना बना रहा है। इसके लिए करीब सात सौ एकड़ जमीन की आवश्यकता पड़ेगी।

उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव अगले कुछ दिनों में यहां का दौरा कर जमीन को देखेंगे। उन्हें जमीन पंसद आई तो प्राधिकरण में सात सौ एकड़ जमीन के लिए आवेदन कर दिया जाएगा।